चरखी दादरी। हरियाणा पुलिस महानिदेशक, पंचकूला के निर्देशों के अनुपालन में तथा पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के मार्गदर्शन में दादरी पुलिस ने 6 और 7 अगस्त की मध्यरात्रि विशेष अंतरराज्यीय नाका चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य अंतरराज्यीय सीमाओं से होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना, अवैध तस्करी पर रोक लगाना तथा जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना था।
इमलोटा नाके पर रातभर चला सघन अभियान
अभियान के तहत जिले के प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस उपाधीक्षक दादरी साहिल ढिल्लों के नेतृत्व में थाना सदर प्रभारी निरीक्षक सतबीर सिंह तथा 27 पुलिसकर्मियों की टीम ने इमलोटा पुलिस नाके पर पूरी रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान आने-जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की गहन जांच की गई। विशेष रूप से संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, चालकों की पहचान तथा सामान की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
157 वाहनों की जांच, 57 चालान
रातभर चले अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 157 वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 57 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर एक वाहन को इंपाउंड किया गया।
चालान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, वैध दस्तावेज नहीं होने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा वाहनों पर अवैध काली फिल्म लगाने जैसे मामलों में किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने की नियमों के पालन की अपील
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने कहा कि अंतरराज्यीय नाकों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस वस्तु की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या नजदीकी थाना पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।