चरखी दादरी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम रिव्यू मीटिंग) ली। बैठक में लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएसपी धीरज कुमार, डीएसपी बाढ़ड़ा जसपाल सिंह, डीएसपी साहिल ढिल्लों, सभी थाना प्रबंधक, पुलिस चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, सुरक्षा शाखा प्रभारी, पुलिस प्रवाचक, पुलिस प्रवक्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने जिले में हाल के आपराधिक मामलों, लंबित विवेचनाओं और अनुसंधानाधीन प्रकरणों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
आर्म्स अभियान पर रहेगा विशेष फोकस
एसपी लोगेश कुमार ने जुलाई माह में चलाए जा रहे विशेष आर्म्स अभियान को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों की बरामदगी बढ़ाई जाए और हथियारों के बल पर अपराध करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों पर लगातार नजर रखने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
फरार अपराधियों और बेल जंपरों की गिरफ्तारी तेज होगी
बैठक में 10 वर्ष या उससे अधिक समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही घोषित अपराधियों (पीओ) और बेल जंपरों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि लंबे समय से कानून से बच रहे अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
मालखानों, लंबित शिकायतों और गश्त पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने थाना मालखानों में रखे माल-मुकदमों और विसरा के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही लंबित शिकायतों और अनुसंधानाधीन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा अपराध होने से पहले उसकी रोकथाम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों पर होगी सख्ती
एसपी ने अवैध शराब, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, नशा तस्करी और अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और आवश्यकता अनुसार विशेष अभियान संचालित करने को कहा गया। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर 15 वर्ष पुराने पेट्रोल और 10 वर्ष पुराने डीजल वाहनों को नियमानुसार इंपाउंड करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
वर्सन:
अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुनने, समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा पूरी ईमानदारी और पेशेवर दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। - लोगेश कुमार, एसपी।