संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलियाणा में खंडस्तरीय कल्चरल फेस्ट-2025 का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुईं नगराधीश प्रीति रावत ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। एकल लोक नृत्य में पीएमश्री स्कूल चरखी दादरी की छात्रा प्रथम रही।
प्रीति रावत ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से हरियाणवी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश में कल्चरल फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी को देखकर सीटीएम ने प्रशंसा की। उन्होंने अपने हाथों से पुराने जमाने की चक्की चलाकर आटा तैयार की। खंड शिक्षा अधिकारी कंवर सिंह ने अतिथिगण का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. सतीश साहू ने बताया कि खंडस्तरीय कल्चरल फेस्ट में विभिन्न विद्यालयों से आए 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया और हरियाणवी संस्कृति की छटा बिखेरी। उन्होंने बताया कि कल्चरल फेस्ट के अंतर्गत वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग द्वारा समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, रागनी एवं स्किट आदि चार स्पर्धाओं में प्रतियोगिता हुई। इसमें खंडस्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाली सभी टीमें जिलास्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव में हिस्सा लेंगी।
कार्यक्रम नोडल अधिकारी प्राचार्य डॉ. धर्मवीर शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ वर्ग कक्षा (9 से 12) समूह लोक नृत्य में पीएमश्री स्कूल चरखी दादरी प्रथम, पीएमश्री स्कूल छपार द्वितीय, मॉडल संस्कृति स्कूल झोझूकलां तृतीय और मॉडल संस्कृति स्कूल दादरी को सांत्वना पुरस्कार मिला।
एकल लोक नृत्य में पीएमश्री स्कूल चरखी दादरी प्रथम, पीएमश्री स्कूल छपार द्वितीय, झोझूकलां तृतीय व जावा स्कूल की टीम ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। रागनी में पीएमश्री चरखी दादरी प्रथम, आदमपुर डाढ़ी स्कूल द्वितीय, जावा तृतीय स्थान पर रहा।स्किट में झोझूकलां प्रथम, मंदोला द्वितीय, सारंगपुर स्कूल तृतीय पर स्थान पर रहा।
कनिष्ठ वर्ग ( कक्षा 5 से 8) समूह लोक नृत्य में पीएमश्री स्कूल चरखी दादरी प्रथम, पांडवान स्कूल द्वितीय एवं झोझूकलां की टीम तृतीय स्थान पर रही। एकल लोक नृत्य में पीएमश्री स्कूल चरखी दादरी प्रथम, मॉडल संस्कृति स्कूल दादरी द्वितीय, पीएमश्री स्कूल कलियाणा तृतीय रहा। रागनी में पीएमश्री स्कूल चरखी दादरी प्रथम, पांडवान द्वितीय एवं झोझू खुर्द की टीम तृतीय स्थान पर रही। स्किट में झोझूकलां प्रथम, सारंगपुर द्वितीय व पांडवान की टीम तृतीय स्थान पर रही।
इस दौरान रिम्पी जैन, बीआरपी ज्योति, प्राचार्य सुनील कुमारी, प्राचार्य शर्मिला, प्रवक्ता प्रमिला देवी, गुणवती, सुमन, इंदु गुलिया, दीपा एवं अनूप का सहयोग रहा।