संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव असावरी से मैहड़ा रोड के पास एक व्यक्ति की जमीन से 53 साल पुराना कब्जा हटवाया गया। न्यायालय के आदेशों के उपरांत पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए यह कब्जा हटाया गया। जमीन को संबंधित मालिक को दिलवाया गया।
अधिवक्ता रोहताश खिच्ची ने बताया कि पीड़ित पक्ष की गांव मैहड़ा से झोझू रोड की तरफ 4 एकड़ जमीन है, जिस पर 53 साल से कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा था। पीड़ित पक्ष कई सालों से कब्जा हटवाने की मांग कर रहा था।
पीड़ित पक्ष का तर्क रहा कि यह जमीन उनकी पुश्तैनी है, जिस पर पीढ़ी दर पीढ़ी उनका हक रहा है। अब आखिरकार सत्य की जीत हुई है। इस मामले में दादरी कोर्ट ने पीडि़त के पक्ष में अपना फैसला सुनाया।
अदालत ने प्रशासन व पुलिस को कब्जा हटवाने के आदेश दिए। न्यायालय के आदेश के अनुसार डीआरओ राजकुमार, गिरदावर रघुबीर सिंह, पटवारी, एसएचओ बलवान सिंह, एसआई सतीश कुमार मौके पर पहुंचे और अवैध कब्जा हटवाया।