चरखी दादरी। शहर के बस स्टैंड रोड पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था चरमराने लगी है। पीली पट्टी के बाहर खड़े वाहन न केवल जाम का कारण बन रहे हैं बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा भी पैदा कर रहे हैं जिससे लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। जाम में फंसे वाहन चालकों ने क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था बनवाने की मांग की है ताकि शहर के मुख्य बाजार में लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सके।
भगवान परशुराम चौक से बस स्टैंड को जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। दूर-दराज गांवों से आए लोग अपने वाहनों को नियमों को ताक पर रखकर दुकानों के सामने खड़ा कर खरीदारी करने चले जाते हैं। इस दौरान सड़क पर बसों के गुजरने के लिए जगह कम पड़ जाती है जिससे अन्य वाहन चालकों की लंबी कतार लगने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दुकानों के सामने वाहन खड़े होने से ग्राहक कम पहुंचने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। परेशान लोगों ने जिला प्रशासन से शहर में पार्किंग बनवाने की मांग की है ताकि बाजार में लगने वाले जाम से छुटकारा मिल सके।
मुख्य सड़क स्थित है बस स्टैंड
दादरी से रोहतक, दिल्ली, गुरुग्राम जैसे मुख्य रूटों की ओर आने जाने वाली बसें इस मुख्य फोरलेन सड़क से गुजरती हैं। लेकिन रोड के दोनों तरफ वाहनों वाहन खड़ा होने से अन्य वाहन चालकों को जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। यातायात पुलिस कर्मचारी समय समय पर सड़क के बीच खड़े वाहनों को हटवाने का प्रयास करने के अलावा ई-चालान भी करते है। लेकिन कुछ समय बाद ही स्थिति जस की तस बन जाती है।
दुकानदार बोले हो रहा है नुकसान
स्थानीय दुकानदार गजेंद्र पंवार, राजीव गुप्ता, अनिल कुमार, नरेश कुमार, कृष्ण सैनी ने बताया कि वाहन चालक खरीददारी के लिए घंंटों तक वाहन से दूरी बनाए रखते है। जिससे सामान खरीदने आया ग्राहक की पहुंच दुकानों से दूर रह जाती है। इसके कारण उनको को भारी नुकसान वहन करना पड़ता है।
वर्सन:
हमारे कर्मचारी समय-समय पर पीली पट्टी के बाहर खड़े वाहनों के उचित स्थान पर पार्क करने की हिदायतें देते रहते है वहीं लंबे समय पर खड़े किए गए वाहन का चालान भी करना पड़ता है। जाम से निपटने के लिए पुलिस कर्मचारियों की संख्या में इजाफा किया जाएगा। - रमेश कुमार, प्रभारी, यातायात थाना।