चरखी दादरी। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को शहर स्थित डीडीपीओ कार्यालय में विशेष समाधान कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में 15 से अधिक महिलाओं ने योजना के आवेदन, दस्तावेजों के सत्यापन और तकनीकी दिक्कतों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकांश महिलाओं ने बताया कि मोबाइल एप पर आवेदन सत्यापित नहीं हो रहे हैं जिसके कारण उन्हें योजना का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सभी समस्याओं काे किया दूर
कैंप के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही उनका समाधान किया। लिपिक महेश और शंकर ने एक-एक आवेदिका के दस्तावेजों की जांच की और आवेदन प्रक्रिया में आ रही तकनीकी खामियों को दूर कराया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था उन्हें संबंधित विभाग को भेजकर शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
एप और दस्तावेज संबंधी मिलीं त्रुटियां
महिलाओं ने बताया कि आवेदन भरने के बाद कई बार एप पर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो रही थी जबकि कुछ मामलों में दस्तावेज अपलोड होने के बावजूद आवेदन लंबित दिखा रहा था। अधिकारियों ने ऐसे मामलों की जांच कर आवश्यक सुधार किए और भविष्य में आवेदन करते समय आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी।
अन्य पेंशनधारक भी पहुंचे
कैंप में केवल लाडो लक्ष्मी योजना से संबंधित समस्याएं ही नहीं आईं बल्कि 10 से अधिक लोग विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी पहुंचे। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन से संबंधित आवेदन, सत्यापन और भुगतान संबंधी शिकायतें शामिल रहीं। विभागीय कर्मचारियों ने इन समस्याओं का भी मौके पर समाधान करने का प्रयास किया और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
वर्सन:
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के चारों खंडों में ऐसे समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और अधिकांश समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर किया जा रहा है।- जितेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी।
अधिकारियों ने कहा कि जिन महिलाओं या अन्य लाभार्थियों को आवेदन या पेंशन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या है, वे अपने संबंधित खंड में आयोजित समाधान कैंप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।
अधिकारियों ने कहा कि जिन महिलाओं या अन्य लाभार्थियों को आवेदन या पेंशन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या है, वे अपने संबंधित खंड में आयोजित समाधान कैंप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।