परीक्षा केंद्र के बाहर रोल नंबर देखते हुए अभ्यर्थी।
चरखी दादरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से रविवार को जिले में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लेवल-2 (टीजीटी) और लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई।
दोनों शिफ्टों में आयोजित परीक्षा के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए। पूरे दिन कहीं भी अव्यवस्था या जाम की स्थिति देखने को नहीं मिली। जिले में 3805 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 718 अनुपस्थित रहे।
लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा के लिए जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस परीक्षा में 3478 अभ्यर्थियों को शामिल होना था जिनमें से 3004 ने परीक्षा दी जबकि 474 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई और दोपहर साढ़े 12 बजे संपन्न हुई।
वहीं लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। इस परीक्षा के लिए 1045 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिनमें से 801 ने परीक्षा दी और 244 अनुपस्थित रहे। दोनों स्तरों की परीक्षाओं में कुल 4523 अभ्यर्थियों में से 3805 ने परीक्षा दी जबकि 718 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
रविवार सुबह से ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह आठ बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक और परिजन परीक्षार्थियों के बाहर आने का इंतजार करते नजर आए।