खेड़ी सनवाल गांव में ढहा मकान का एक भाग व मौजूद परिवार के सदस्य और ग्रामीण। संवाद
- मंगलवार रात को बारिश थमने के बाद हुआ हादसा, घर का सामान मलबे के नीचे दबने से परिवार को हुआ आर्थिक नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के खेड़ी सनवाल गांव में मंगलवार रात मकान का एक हिस्सा ढह गया। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य उस दौरान जाग रहे थे। उन्होंने बाहर भागकर जान बचाई। हालांकि, हादसे में घर का काफी सामान मलबे के नीचे दब गया। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
खेड़ी सनवाल निवासी भूप सिंह ने बताया कि मंगलवार रात जोरदार बारिश हुई। बारिश के दौरान लाइट जली गई। इसके बाद बारिश थम गई। उस दौरान वह, पत्नी कृष्णा, बेटा सुरेंद्र व पुत्रवधू जाग रहे थे। उसी दौरान अचानक दूसरे कमरे में कुछ गिरने की आवाज आई। वहां जाकर देखा तो एक कमरा ढहा मिला। इसके तुरंत बाद परिवार के सदस्य बाहर आंगन में आ गए।
भूप सिंह ने बताया कि परिवार के सदस्यों के आंगन में पहुंचते ही दूसरा कमरा ढह गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि्र भूप सिंह के परिवार को इस हादसे में काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। रातभर परिवार मलबे के नीचे दबे सामान को बचाने की कवायद में जुटा रहा। सुबह ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर परिवार की मदद की।