झज्जर घाटी क्षेत्र में घर के बाहर कुर्सी पर बैठे एक युवक पर बाइक सवारों ने डंडों से हमला कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। सिटी थाना पुलिस ने घायल के बयान पर हमलावर युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में झज्जर घाटी निवासी रोहित (23) ने बताया कि गत 29 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे। उक्त युवकों ने आते ही डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। जब उसने बचाव के लिए परिजनों को आवाज दी तो उक्त युवक बाइक पर सवार होकर वहां से भाग गए। घायल ने बताया कि जाने से पहले हमलावर युवकों ने उसे धमकी भी दी। इसके बाद उसके मौसेरे भाई विनोद ने उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जांच अधिकारी विनोद कुमार के अनुसार घायल को पीजीआई से छुट्टी मिल गई है और उसके घर पहुंचकर पुलिस ने बयान दर्ज कर हमलावरों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।