हरियाणा की विजेता टीम कोच व एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ। स्रोत : विज्ञप्ति
- उत्तराखंड के हरिद्वार में 28 जून से 1 जुलाई तक आयोजित की गई प्रथम नेशनल यूथ अंडर-18 कबड्डी प्रतियोगिता, दोनों वर्गाें में हरियाणा की टीम ने किया सराहनीय प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार में 28 जून से 1 जुलाई 2025 तक आयोजित प्रथम नेशनल यूथ अंडर-18 बालक एवं बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में हरियाणा महिला टीम ने स्वर्ण और पुरुष टीम ने रजत पदक जीता।
हरियाणा महिला टीम ने फाइनल मुकाबले में राजस्थान को 39-35 से हराया जबकि पुरुष टीम का निर्णायक मुकाबला चंडीगढ़ से हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में चंडीगढ़ की टीम 44-43 से जीत दर्ज करने में कामयाब रही और हरियाणा की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष एवं खनन एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने दोनों टीमों का मनोबल बढ़ाया। दोनों टीम की इस उपलब्धि पर चेयरमैन कुलदीप दलाल, महासचिव नसीब जांघू, सहसचिव कुलदीप पहल, पूर्व उपाध्यक्ष बलबीर पहल, द्रोणाचार्य अवाॅर्डी बलवान सिंह, अर्जुन अवाॅर्डी अनूप कुमार व भीम अवाॅर्डी सुरजीत नरवाल ने बधाई दी है।