चरखी दादरी। दीपावली व छठ पर्व के चलते इन दिनों काफी संख्या में लोग बसों के साथ-साथ ट्रेनों में भी यात्रा कर रहे हैं। इसके चलते दादरी रेलवे स्टेशन पर भी काफी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने तथा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दादरी राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी सतर्क है।
त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए स्टेशन परिसर में आने-जाने लोगों की गहन जांच की जा रही है। जीआरपी की ओर से यात्रियों के सामान के साथ-साथ संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
दादरी जीआरपी चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि पूरे स्टेशन परिसर में निगरानी रखी जा रही है। जीआरपी की टीम में एचसी अनिता, सिपाही गीता, सिपाही नरेश, एसपीओ शिवकुमार और प्रवीन को तैनात किया गया है। एसआई कृष्ण कुमार ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।