संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी जिला मुख्यालय पर तीन वर्ष पहले शुरू हुए राजकीय पीजी कॉलेज को अगले सत्र से स्थानीय तहसील रोड स्थित मौजूदा लघु सचिवालय के भवन में संचालित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि दादरी के चिड़िया रोड के समीप निर्माणाधीन जिलास्तरीय लघु सचिवालय के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाकर कार्यालयों को नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाए। उसके बाद गांव भैरवी स्थित किसान मॉडल स्कूल के भवन में संचालित राजकीय पीजी कॉलेज को मौजूदा लघु सचिवालय के भवन में स्थानांतरित कर दिया जाए। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि गांव भैरवी स्थित किसान मॉडल स्कूल के भवन में सशस्त्र बल प्रशिक्षण संस्थान खुलना प्रस्तावित है। सशस्त्र बल प्रशिक्षण संस्थान के लिए जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग की ओर से भी कवायदें शुरू की जा चुकी हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से वर्ष 2022 में दादरी जिला मुख्यालय पर राजकीय पीजी कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी। घोषणा के अनुसार सत्र 2022 से ही राजकीय पीजी कॉलेज में दाखिले भी शुरू हो गए। शुरुआत में कॉलेज के लिए अलग से जगह निर्धारित न होने के कारण गांव भैरवी स्थित किसान मॉडल स्कूल में राजकीय पीजी कॉलेज की कक्षाएं शुरू कर दी गईं लेकिन तीन वर्ष बीतने के बावजूद कॉलेज को अपनी जगह नहीं मिल सकी। कॉलेज की जरूरतों के अनुसार भवन न होने के कारण वहां मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। ऐसे में विद्यार्थियों को कॉलेज तक आवागमन करने व पढ़ाई करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नए भवन में शिफ्ट होंगे कार्यालय
दादरी के चिड़िया रोड के समीप पांच मंजिला जिलास्तरीय लघु सचिवालय भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इसका निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूरा करवा दिया जाए। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित लगभग सभी विभागों के कार्यालय नए भवन में शिफ्ट किए जाएंगे।
मौजूदा समय में किसान मॉडल स्कूल में संचालित खनन, खेल आदि विभागों के कार्यालय भी नए लघु सचिवालय में शिफ्ट होंगे।