फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: लोगों ने की मांग, बाढड़ा बस स्टैंड को सब डिपो का दर्जा दे सरकार

Wed, 08 Jan 2025 11:34 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
बाढड़ा कस्बे में बना बस स्टैंड। 
विज्ञापन
बाढड़ा। उपमंडल बनने के सात साल बाद भी बस स्टैंड पर अब तक पर्याप्त मात्रा में बसें न होने से क्षेत्र के लोगों को लंबे और लोकल रूटों पर पर्याप्त बस सेवा नहीं मिल पा रही है। बसों की कमी से परिवहन सेवाएं बेपटरी हैं। उपमंडलवासी परेशान हो रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को दादरी जिले में बाढड़ा बस स्टैंड को जिले का पहला सब डिपो बनाना चाहिए। ताकि, परिवहन सेवाओं में विस्तार होने से उन्हें राहत मिल सके।
विज्ञापन




बाढड़ा उपमंडल के लोग इस समय दादरी और लोहारू डिपो से संचालित होने वाली बसों पर ही निर्भर हैं। कारण यह कि बाढड़ा बस स्टैंड से एक भी बस का संचालन नहीं किया जाता है। क्षेत्र के लोगों की मांग है कि बाढड़ा बस स्टैंड से लोकल व लंबे रूटों के लिए बसों की सुविधा शुरू की जाए। लोगों ने बाढड़ा बस स्टैंड को सब डिपो का दर्जा देने की मांग की है। ताकि, परिवहन सेवाएं बेहतर हो सकें।
बाढड़ा में बस स्टैंड का निर्माण 2009 में तत्कालीन परिवहन मंत्री मांगेराम गुप्ता, संसदीय सचिव, विकास एवं पंचायत विभाग धर्मवीर सिंह, संसदीय सचिव परिवहन विभाग हरियाणा राव दान सिंह के कर कमलों से हुआ था। दादरी के बाद बाढड़ा सबसे पुराना बस स्टैंड है। यहां से बसों का संचालन नहीं होता है। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गत दिनों झोझूकलां व कादमा में नए बस स्टैंड बनाए गए हैं।
विज्ञापन

दैनिक यात्री बोले : बस सेवाओं में विस्तार जरूरी
दैनिक यात्री अशोक, पवन, रवि, शिव, अनिल, मीर सिंह, गजेसिंह आदि ने बताया कि बाढड़ा में बस स्टैंड बने करीब 15 साल से अधिक का समय हो गया है। अब भी लंबे व लोकल रूटों पर पर्याप्त बसें नहीं चल रही हैं। इससे ढिगावा रूट, कादमा रूट, कालूवाला होते हुए भिवानी रूट, द्वारका, श्यामकलां, कारी रूट, आर्यनगर, खोरड़ा होते हुए लोहारू आदि रूटों पर पर्याप्त बसें नहीं चलने से ग्रामीणों को आने-जाने के लिए वाहन नहीं मिल रहे हैं।

व्यापार मंडल पदाधिकारी बोले : सब डिपो बनाने की मांग पूरी करे सरकार
बाढड़ा बस स्टैंड से लोकल रूटों पर बसें न चलने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस बारे में रोडवेज डिपो के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन भी दे चुके हैं। अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। प्रशासन व विभाग से मांग है कि बाढड़ा बस स्टैंड से बसें शुरू की जाएं।
-सुंदरपाल, अध्यक्ष, बाढड़ा व्यापार मंडल
लोगों को रोजमर्रा के कार्य के लिए बाजार जाना पड़ता है। लोकल व लंबे रूटों पर बसें नहीं चलने से लोग परेशान हैं। लोगों का पूरा दिन बर्बाद हो जाता है। वे अपना कार्य भी नहीं कर पाते हैं। लोकल रूटों पर बसें चलानी चाहिए।
-संदीप उर्फ सिंटी, पूर्व अध्यक्ष, बाढड़ा व्यापार मंडल
बाढड़ा से दिल्ली, चंडीगढ़, नारनौल, भिवानी, हिसार, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पिलानी, जयपुर, सीकर, झुंझनू के लिए सीधी बसें नहीं चल रही हैं। इससे आम लोगों को यहां से कहीं दूर शहर जाना हो तो उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से बसें चलाने की मांग कर चुके हैं।
-बलजीत हंसावास, पूर्वअध्यक्ष, बाढड़ा व्यापार मंडल
लोकल रूटों पर पर्याप्त बसें नहीं चलने के कारण स्कूल-कॉलेज में जाने वाले छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इससे वे समय पर शिक्षण संस्थान में नहीं पहुंच पाते और उनकी पढ़ाई बाधित होती है। अगर बाढड़ा बस स्टैंड को सब डिपो का दर्जा दिया जाए तो परिवहन सेवाएं बेहतर होंगी।
विज्ञापन

-रामकिशन फौजी, पूर्व अध्यक्ष, बाढड़ा व्यापार मंडल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें