चरखी दादरी। कथित फर्जी मुठभेड़ ओर 10 लाख की रिश्वत मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर चल रहा धरना सोमवार को 15वें दिन समाप्त हो गया। इससे पहले डीसी मनदीप कौर व एसपी नितिका गहलोत धरनास्थल पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारी खेमा को आश्वस्त करते हुए धरना खत्म करने की अपील की। एसपी और डीसी के साथ 15 मिनट हुई वार्ता के बाद प्रदर्शनकारी खेमा ने धरना समाप्त करने का ऐलान कर दिया। प्रशासन की ओर से 15 दिन के अंदर मामले की जांच करने का आश्वासन दिया गया।
पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता पक्ष पिछले 15 दिनों से लघु सचिवालय में दिन-रात धरना दे रहा था। सोमवार को एसपी नितिका गहलोत और डीसी मनदीप कौर 2:58 पर धरनास्थल पर पहुंचीं। पहले प्रदर्शनकारी खेमा ने अपनी बात रखी और इसके बाद एसपी व डीसी ने क्रमवार अपनी बात रखी। करीब 15 मिनट की वार्ता में बात सिरे चढ़ गई और प्रदर्शनकारी खेमा धरना खत्म करने के लिए तैयार हो गया। हालांकि धरना समाप्ति की घोषणा के बाद भी डीसी और एसपी प्रदर्शनकारियों के बीच रहकर बातचीत करती रहीं।
सोमवार को भिवानी बार प्रधान सत्यजीत पिलानिया, दादरी बार एसोसिएशन पूर्व प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा, अधिवक्ता प्रदीप डाला, सांगवान खाप-13 कन्नी प्रधान सूरजभान, भारतीय किसान यूनियन से जगबीर घसौला, रणबीर फौजी, सूरजभान धनखड़, पूर्व सरपंच दलबीर गांधी, जिला पार्षद मोहित साहू आदि धरनास्थल पर मौजूद रहे।
- पुलिस ने जांच में मांगा सहयोग
अधिवक्ता संजीव तक्षक ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल से पुलिस विभाग ने जांच में सहयोग मांगा है। एसपी की ओर से आश्वासन दिया गया कि 15 दिन के अंदर मामले की निष्पक्ष जांच कर ली जाएगी और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा। संजीव तक्षक ने कहा कि यदि 15 दिन में निष्पक्ष जांच नहीं हुई और परिजनों को न्याय नहीं मिला तो धरना पुनः शुरू कर दिया जाएगा।
- सरकार के नाम सौंपा ज्ञापन
धरना समाप्ति से ठीक पहले प्रदर्शनकारी खेमा ने डीसी और एसपी को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें इस तरह के मामले दोबारा न हो, इसके मद्देनजर तालमेल कमेटी बनाने की मांग भी की गई। एसपी ने धरनास्थल पर आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही कमेटी का गठन कर दिया जाएगा।
झज्जर एसआईटी मामले की जांच कर रही है। रविवार को भी झज्जर एसआईटी दादरी आई थी। इस संबंध में झज्जर एसपी से मेरी बात हुई है और एक सप्ताह के अंदर एसआईटी की जांच पूरी होने की उम्मीद है। -मनदीप कौर, डीसी, चरखी दादरी।
15 दिन के अंदर पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच पूरी कर लेगी। प्रदर्शनकारी खेमा को ये आश्वासन दिया गया जिसके बाद उन्होंने धरना खत्म कर दिया। शिकायतकर्ता पक्ष से अपील है कि वो जांच में पुलिस का सहयोग करे। -नितिका गहलोत, एसपी, चरखी दादरी