बाढड़ा। स्नातकोत्तर कक्षा की परीक्षाओं के मध्य में अवकाश देने की मांग को लेकर राजकीय महिला काॅलेज की छात्राओं ने सोमवार को हंगामा किया। छात्राओं ने काॅलेज के मुख्य द्वार व प्राचार्य कक्ष के सामने यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्राओं ने बंसीलाल यूनिवर्सिटी के कुलपति के नाम मांग-पत्र देकर दोबारा परीक्षा शेड्यूल जारी करने की मांग की है। छात्राओं ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उनकी वाजिब मांग का समाधान नहीं किया तो मजबूरन आंदोलन के लिए उतरना होगा। इसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
छात्रा सोनू, सरोज, सविता कुमारी, सोनू, प्रीति, रितिका आदि छात्राओं ने बताया कि सरकार व यूनिवर्सिटी की मनमर्जी से छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। हर बार परिणाम में सफल छात्राओं को भी अनुत्तीर्ण कर दिया जाता है। परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थी को गैर हाजिर दिखा दिया जाता है। छात्राओं ने कहा कि परीक्षा तिथि में बदलाव की मांग के लिए उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को अवगत करा दिया था ,अब विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उनकी मांग को नकार दिया है।
छात्राओं ने कहा कि 18 अप्रैल को स्नातकोत्तर कक्षा की परीक्षाओं का तिथि-पत्र जारी हुआ था। परीक्षाओं के मध्य में कोई अवकाश नहीं दिया गया है। छात्राओं ने कहा कि परीक्षाओं के बीच अवकाश न होने से उनकी पढ़ाई समयबद्ध तरीके से पूरी नहीं हो पाएगी