संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दिवाली पर्व पर बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए बिजली निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में फॉल्ट दूर करने के लिए 45 कर्मचारियों की चार टीमें गठित की गई हैं, जबकि शहर में पांच व जिले भर में 25 ट्रांसफार्मर रिजर्व रखे गए हैं। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। वहीं, बिजली चोरी रोकने के लिए विजिलेंस और निगम की टीमें 24 घंटे निगरानी रखेंगी। गांवों में लाइनों में कोई समस्या आने पर लाइनमैन व एएलएम को इसे ठीक करने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिले में एक लाख 70 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। जिले भर में 11180 ट्रांसफार्मर व 179 फीडरों के जरिये बिजली आपूर्ति की जाएगी। बिजली खपत का आंकड़ा नौ करोड़ यूनिट पहुंचने की संभावना है। निगम ने सभी लाइनों व ट्रांसफार्मरों को पहले ही दुरुस्त कर दिया है ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलती रहे। बिजली आपूर्ति में व्यवधान न आए इसके लिए शहर के अलावा गांवों में स्थित सभी पावर सब स्टेशनों की मरम्मत पहले ही की जा चुकी है। वैसे भी गांवों में तो जगमग योजना के तहत 50 की बजाय 80 व 100 एमएम की केबल लगाई गई हैं। करीब 25 गांवों में तो 24 घंटे बिजली की आपूर्ति पहले से ही की जा रही है।
दिवाली पर्व को देखते हुए कर्मचारियों को सतर्क कर दिया गया है। शहर के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। लाइन ब्रेकडाउन करने या अन्य कहीं फॉल्ट आने पर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जहां भी ट्रांसफार्मर में खराबी आई उसे तत्काल बदलकर नया लगाया जाएगा। बिजली निगम शहर सहित पूरे जिले में दिवाली पर्व पर बिजली पर्याप्त मात्रा में देगा।
बॉक्स
त्योहारी सीजन में खासकर बाजारों में बिजली की खपत ज्यादा मात्रा में होती है। बाजारों में दुकानों व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बिजली चोरी होने का भी अंदेशा बना रहता है।
निगम ने बिजली चोरों पर नजर रखने के लिए शहर में दो विशेष टीमों का गठन किया है। इसके अलावा विजिलेंस की टीम भी सक्रिय रहेगी। यह टीमें 24 घंटे शहर के बाजारों और घरेलू उपभोक्ताओं पर नजर रखेंगी। जो भी उपभोक्ता चोरी करते पकड़ा गया उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना राशि निर्धारित समयावधि में जमा न करवाए जाने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज होगी। शहर में करीब 20 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। शहर की बाहरी कालोनियों में बिजली की चोरी होने की आमतौर पर शिकायतें मिलती हैं।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
बिजली निगम ने दिवाली पर्व को देखते हुए रेलवे रोड स्थित पावर सब स्टेशन में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसका मोबाइल नंबर 99921-11839 व 86075-00170 है। इनके अलावा टोल फ्री नंबर 1912 शामिल है। बिजली लाइनों में कोई समस्या आने पर उपभोक्ता इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिकायत का तत्परता से समाधान किया जाएगा।
वर्जन
त्योहार पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति की जाएगी। कर्मचारियों को सतर्क कर दिया गया है। उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। आपूर्ति में व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। ट्रांसफार्मर रिजर्व में रखे गए हैं।
आशीष सोढ़ी, एसडीओ, बिजली निगम, दादरी सिटी।