बाढड़ा। अटेला क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल दो आरसी के सहारे चार बसें दौड़ा रहा था। वीरवार दोपहर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने इस पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। आरटीए स्टाफ ने स्कूल की चारों बसों को जब्त कर लिया और इस संबंध में स्कूल प्रबंधन समिति के खिलाफ बाढड़ा थाने में शिकायत भी दी है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि अटेला स्थित एक निजी स्कूल के पास चार बसें हैं। इनमें से दो-दो बसों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट हैं। इस आधार पर एसआई अनूप सिंह की अगुवाई में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता वीरवार को कार्रवाई के लिए दादरी पहुंचा। यहां से गुप्तचर और आरटीए विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर अटेला कलां क्षेत्र में दबिश दी। रोड साइड चेकिंग कर टीम ने एक बस को रुकवा लिया।
इसके बाद जब स्कूल की अन्य बसों की जांच की गई तो चार बसें दो नंबर प्लेट के सहारे चलती मिली। स्कूल प्रबंधन समिति चार बसें होने के बावजूद दो ही आरसी टीम के समक्ष पेश कर पाई। इस पर संज्ञान लेते हुए आरटीए ने चारों बसों को जब्त कर लिया। वहीं, इस संबंध में बाढड़ा थाने में शिकायत भी दी गई।
- पांच घंटे तक चली कार्रवाई
स्कूल प्रबंधन के खिलाफ इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है। इससे पहले टीम की जांच करीब पांच घंटे तक चली। दोपहर तीन बजे चेकिंग शुरू की गई थी और इसके बाद दस्तावेजों की जांच करने व पुलिस को शिकायत देने के बाद देर शाम करीब आठ बजे टीम थाने से निकली।
- पहले ऐसे डंपर भी पकड़ चुकी टीम
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता इससे पहले भी इस तरह की चालाकी पकड़ चुका है। करीब डेढ़ साल पहले ऐसे डंपर भी पकड़े गए थे जिन पर एक जैसी नंबर प्लेट थी। उस दौरान भी टीम की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था।