संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के वार्ड-15 में सीवर लाइन सफाई के नाम पर मैनहोल के पास से चार दिन पहले इंटरलॉक टाइलें उखाड़ी गई थीं। इसके बाद सीवर लाइन की सफाई तो नहीं हुई, लेकिन लोगों के आवागमन में परेशानी जरूर शुरू हो गई। सोमवार को चौथे दिन भी स्थिति जस की तस रहने पर स्थानीय लोगों में रोष है और प्रशासन से समाधान की मांग की।
वार्ड 15 स्थित पूर्व सांसद रामकिशन गुप्ता वाली गली की ब्लॉक सीवर लाइन खोलने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने चार दिन पहले पांच मैनहोल की खोदाई की थी। सीवर मैनहोल से निकला मलबा व इंटरलॉक टाइलों को गली में छोड़ दिया गया। एक मैनहोल तो मां भगवती मंदिर के सामने ही है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को भी समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां से गुजरने वाले कई दुपहिया वाहन चालक संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल भी हो चुके हैं। इसके साथ ही मैनहोल से निकलने वाली दुर्गंध पूरी कॉलोनी में फैल रही है। लोगों का कहना है कि जब विभाग को अभी सीवर लाइन की सफाई ही नहीं करनी थी, तब इतने दिन पहले इनको उखाड़कर क्यों छोड़ दिया? उन्होंने जिला प्रशासन से सीवर लाइन की जल्द सफाई करवाकर मैनहोल के समीप से उखाड़ी गई टाइलों को दुरुस्त कराने की मांग की है।
लोग बोले- हर बार आने-जाने में झेलनी पड़ रही परेशानी
स्थानीय निवासी नौरंगलाल, निरंजनलाल, दीपक गुप्ता, राजेश कुमार व प्रदीप कुमार आदि ने बताया कि वे हर रोज सुबह देवी भवानी के मंदिर में पूजा पाठ के लिए जाते हैं। मंदिर के सामने सीवर मैनहोल खुला होने से माहौल दुर्गंधमय बना रहता है, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कतें होती हैं। लोगों ने बताया कि वार्ड की इस मुख्य गली से लोगों को आवागमन ज्यादा रहता है। प्रतिदिन यहां से करीब एक हजार लोग गुजरते हैं , जिनमें अधिकतर दुपहिया वाहन चालक होते हैं। मौजूदा हालात में जब बच्चे यहां से गुजरते हैं, तो चिंता बढ़ जाती है। विभाग को लोगों की परेशानियों पर गौर करते हुए जल्द से जल्द अपना काम पूरा करवाना चाहिए।
हमने सीवर लाइन की सफाई के लिए कर्मचारी लगाए हुए हैं। सीवर लाइन की सफाई मंगलवार तक होने की संभावना है। सफाई के बाद इनको तुरंत बंद करवा दिया जाएगा। - बृजेश जावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग