चरखी दादरी। दादरी नगर के वार्ड चार में 28 लाख रुपये की लागत से पांच गलियों के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान नप वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट, पार्षद विरेंद्र जोगी, पार्षद विनोद वाल्मीकि, हरिप्रकाश लांबा, शंकर कॉलोनी आरडब्ल्यूए प्रधान सतीश बजाज आदि भी मौजूद रहे।
इस दौरान चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्ड 4 की गलियों के निर्माण से लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी नगर परिषद द्वारा विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा। चेयरमैन ने अपने संबोधन में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा शहरों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड के अन्य लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा करवाया जाएगा।