चरखी दादरी। दादरी जिले के गांव महराणा के समीप शनिवार रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवा राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक 30 वर्षीय राकेश गांव पातुवास का रहने वाला था। दादरी के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव पातुवास निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका छोटा भाई राकेश (30) बतौर राजमिस्त्री काम करता था। शनिवार रात को राकेश गांव गोठड़ा में काम करने के बाद बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव पातुवास आ रहा था। इस दौरान जब वह गांव महराणा में पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन के साथ उसकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया।
इसके बाद उसे दादरी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर मृतक के परिजन व दादरी सदर थाना पुलिस भी घटनास्थल और अस्पताल में पहुंची।
दादरी सदर थाना पुलिस ने मृतक के बड़े भाई संदीप कुमार के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। नागरिक अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि राकेश आठ वर्षीय बेटी और छह वर्षीय बेटे का पिता था।