फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: प्राथमिक शिक्षकों का एफएलएन प्रशिक्षण का पहला चरण संपन्न, रेमेडियल शिक्षण पर विशेष जोर

Sun, 04 Jan 2026 01:41 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
प्रशिक्षण के दौरान मौजूद शिक्षक। - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत प्राथमिक शिक्षकों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करना तथा शिक्षकों को रेमेडियल शिक्षण की प्रभावी रणनीतियों से सशक्त बनाना रहा।
विज्ञापन

प्रथम चरण में कुल 13 बैचों के माध्यम से 520 प्राथमिक शिक्षकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। यह प्रशिक्षण जिले के तीनों खंडों में चरणबद्ध रूप से आयोजित किया गया। बाढड़ा खंड में चार बैच, बौंद खंड में दो बैच और दादरी खंड में सात बैच संचालित किए गए। सभी प्रशिक्षण सत्र सुनियोजित ढंग से आयोजित किए गए, ताकि अधिक से अधिक शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
हिंदी विषय के निपुण लक्ष्यों पर रहा फोकस
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान हिंदी विषय में निपुण लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को कक्षा स्तर के अनुसार बच्चों में पठन प्रवाह, समझ के साथ पढ़ने, शब्द पहचान, वाक्य निर्माण और मौखिक अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने की रणनीतियां बताई गईं। हिंदी शिक्षण को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, कहानी, कविता, संवाद और स्थानीय परिवेश से जुड़े उदाहरणों के उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
विज्ञापन

रेमेडियल गतिविधियों की रूपरेखा साझा
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के साथ दैनिक और साप्ताहिक रेमेडियल कार्यक्रम की स्पष्ट रूपरेखा साझा की गई। इसमें बताया गया कि सीखने में पिछड़ रहे विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें छोटे समूहों में बांटकर लक्षित रेमेडियल गतिविधियां कैसे कराई जाएं। यह भी स्पष्ट किया गया कि रेमेडियल शिक्षण अतिरिक्त कार्य नहीं, बल्कि नियमित कक्षा शिक्षण का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए, जिससे हर बच्चा अपनी क्षमता और गति के अनुसार सीख सके।
गणित रेमेडियल प्लान से कराया अवगत
गणित विषय में साप्ताहिक रेमेडियल प्लान से शिक्षकों को अवगत कराया गया। इस प्लान में संख्या पहचान, संख्या बोध, जोड़-घटाव, गणना कौशल और सरल समस्या समाधान से संबंधित चरणबद्ध गतिविधियां शामिल रहीं। गणित को भयमुक्त एवं रुचिकर बनाने के लिए खेल-आधारित अधिगम, शिक्षण सहायक सामग्री और दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के प्रयोग पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को दिए प्रमाण पत्र
प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। शिक्षकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें कक्षा में बच्चों के साथ कार्य करने के नए दृष्टिकोण, योजनाबद्ध रेमेडियल शिक्षण और निपुण लक्ष्यों को प्राप्त करने की स्पष्ट दिशा मिली है।
वर्जन :
निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को कक्षा 3 तक पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी दक्षताओं में निपुण बनाना है। शिविर के दौरान संपर्क कोऑर्डिनेटर रविंद्र कुमार ने प्रशिक्षण स्थलों का दौरा कर संपर्क एप व संपर्क टीवी के उपयोग से संबंधित जानकारी प्रदान की। - संदीप कुमार, जिला एफएलएन कोऑर्डिनेटर।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें