Fire at main dumping point, 15 thousand tons of garbage burnt in 125 meters
- फोटो : CharkhiDadri
जिले की हवा पिछले कई दिनों से सांस लेने लायक नहीं है। हाल ही में जिले में प्रदूषण बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। इसके बावजूद मंगलवार को अज्ञात ने शहर के मुख्य रानियां वाले कूड़ा संग्रह केंद्र पर पड़े कचरे को आग लगा दी। हवा के झोंकों के साथ आग फैल गई और दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब पांच घंटे के अंदर डंपिंग प्वाइंट पर पड़े 30 हजार टन में से करीब 15 हजार टन कचरा जल गया। डंपिंग प्वाइंट पर करीब छह घंटे तक कचरा जलता रहा। इससे जिले में दोपहर को प्रदूषण का अधिकतम स्तर 471 एक्यूआई पहुंच गया। हालांकि जिले में औसतन प्रदूषण का स्तर 235 रहा, जो स्वास्थ्य के लिहाज से खराब ही है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे रानियां वाला जोहड़ डंपिंग प्वाइंट से आग की लपटें उठती देख समीप ही रहने वाले लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में आग डंपिंग प्वाइंट के करीब 125 मीटर की दूरी में फैल गई। वहीं, सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर नगर परिषद के कर्मचारी ही डंपिंग प्वाइंट पर पड़े कचरे को आग लगाते हैं। उन्हें शक है कि यह आग भी किसी कर्मचारी ने लगाई है, जो हवा के झोंके से फैल गई। अधिकारियों को इस मामले की जांच करवानी चाहिए।
लोग बोले- पहले भी कई बार लगाई जा चुकी है आग
लोगों का कहना है कि इससे पहले भी डंपिंग प्वाइंट पर कई बार आग लगाई जा चुकी है। कचरा जलने से धुआं उनके घरों में पहुंचता है, जिससे सांस लेने में काफी तकलीफ होती है। लोगों का कहना है कि वो पहले भी कचरा जलाने की शिकायतें नप अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन इन पर संज्ञान नहीं लिया गया।
यूं है 15 हजार टन कचरा जलने का अनुमान
रानियां वाला जोहड़ डंपिंग प्वाइंट पर नगर परिषद पिछले चार सालों से शहर का कचरा डाल रही है। एक दिन में करीब 20 टन कचरा डंपिंग प्वाइंट पर डाला जाता है। इस लिहाज से एक साल में करीब 7300 क्विंटल और चार साल में करीब 29200 क्विंटल कचरा यहां डालने का अनुमान है। आग करीब 125 मीटर की दूरी में लगी और इसके चलते डंपिंग प्वाइंट पर पड़ा करीब 50 प्रतिशत कचरा जलने का अनुमान है।
पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 471 तो पीएम 10.0 रहा 406
मंगलवार को जिले में प्रदूषण का औसतन स्तर 235 एक्यूआई रहा। दोपहर के समीप पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 471 तक जा पहुंचा जबकि औसतन 166 रहा। इसी प्रकार पीएम 10.0 का अधिकतम स्तर 406 तक पहुंचा और औसतन 235 एक्यूआई रहा।
आग किसी कर्मचारी ने नहीं बल्कि शरारती तत्व ने लगाई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझा दिया था। भविष्य में हम यहां निगरानी भी रखेंगे और अगर कोई कचरा जलाता पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजकुमार, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद