बौंदकलां। सांकरोड-सांवड़ रोड पर एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से दो नकाबपोश युवकों ने 90,000 रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर बौंदकलां थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में धीरेंद्र चौहान ने बताया कि वह राजस्थान के करौली जिले के भंडारी बैरूनी गांव का निवासी है और दादरी शुभ लक्ष्मी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड में काम करता है। उसने बताया कि जिन लोगों ने कंपनी से समूह लोन लिया है उनसे वह गांव में जाकर किश्त के पैसे इकट्ठा करता है। सोमवार को वह गांव सांवड़, सांकरोड व बौंदकलां में पैसे इकट्ठा करने के लिए बाइक लेकर गया था।
शाम करीब सवा पांच बजे वो गांव सांकरोड से सांवड़ जा रहा था। सांकरोड से एक किलोमीटर आगे पहुंचते ही बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद बाइक सवार बदमाश नीचे उतरे और उसकी बाइक की हवा निकाल दी। जब उसने विरोध किया तो उन्होंने थप्पड़ मारे। इसके बाद आरोपी उससे 90,000 रुपये और फोन लूटकर फरार हो गए। जैसे-तैसे उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और धीरेंद्र चौहान की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।