चरखी दादरी। वर्ष 2023 के मुकाबले वर्ष 2024 में जनवरी में दर्ज हुईं एफआईआर (प्राथमिक सूचना रिपोर्ट) में कमी आई है जबकि साइबर और महिला विरुद्ध अपराध के आंकड़े बढ़े हैं। वर्ष 2023 में जनवरी के 31 दिनों के अंदर 116 एफआईआर दर्ज हुई थीं जबकि इस साल 30 दिनों के अंदर 112 एफआईआर दर्ज हुई हैं। हालांकि राहत की बात ये है कि इस समय अवधि में कोई संगीन वारदात नहीं हुई और साइबर अपराध के जो तीन मामले सामने आए हैं उनमें से तीनों ही जिला साइबर पुलिस टीम ने सुलझाकर आरोपियों को दादरी, नूंह और राजस्थान से काबू कर लिया है।
बता दें कि चरखी दादरी जिले में शहर, सदर, महिला, साइबर, बाढड़ा, झोझूकलां व बौंदकलां थाना है। वर्ष 2023 के आंकड़ों पर गौर करें तो जनवरी में सर्वाधिक 33 केस बाढड़ा थाने में दर्ज हुए थे। वहीं, पिछले साल साइबर ठगी का जनवरी में एक भी केस सामने नहीं आया था। महिला थाने की बात करें तो जनवरी में 9 केस दर्ज हुए थे। अब अगर वर्ष 2024 के आंकड़ों पर नजर डालें तो सर्वाधिक 30 मामले इस साल दादरी शहर थानों में दर्ज हुए हैं। वहीं, साइबर अपराध के तीन मामले इस साल सामने आए हैं। महिला थाने में इस साल दर्ज हुई एफआईआर संख्या 9 से बढ़कर 15 हो गई है।
ठगी के तीन मामलों में से दो को पुलिस ने सुलझाया, दूसरे जिले व प्रदेश से हुई गिरफ्तारी
केस:1- मंगवाए आईफोन, भेजे टूटे मोबाइल और साबुन का टुकड़ा
गांधीनगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विशाल ने करीब 1.55 लाख से अधिक कीमत के तीन आईफोन मंगवाए थे। पार्सल में आईफोन की जगह दो डिब्बों में टूटे एंड्रायड मोबाइल और तीसरे में साबुन का टुकड़ा मिला। विशाल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया था।
केस:2- परिचित की व्हाट्सएप डीपी लगाकर ठग लिए 64,000
25 जनवरी को मंदोला निवासी एक व्यक्ति के परिचित की ठग ने व्हाट्सएप पर डीपी लगाकर 64,000 की ठगी कर ली। ये रकम अलग-अलग ट्रांजेक्शन में आरोपी ने मंगवाई। दादरी पुलिस ने वारदात को 24 घंटे के अंदर सुलझाते हुए आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर 10,000 रुपये बरामद कर लिए।
केस:3- ब्लैकमेल कर ठगे 2.46 लाख, 24 घंटे के अंदर आरोपी काबू
जेवली निवासी रमन कुमार ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कराया। उसने बताया कि साइबर ठगों ने उसके पिता के पास लड़की की न्यूड वीडियो कॉल करवाकर वीडियो रिकॉर्ड की और इसके बाद ब्लैकमेल कर 2.46 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर नूंह निवासी आरोपी को दबोच लिया।
जानिये... वर्ष 2023 और 2024 में जनवरी माह में दर्ज हुए मामलों की थानावार स्थिति
थाना- वर्ष 2023 में केस दर्ज- वर्ष 2024 में केस दर्ज
बाढड़ा थाना- 33-14
बौंदकलां थाना- 15-11
झोझूकलां थाना- 25-18
दादरी शहर थाना- 32-30
दादरी सदर थाना 23-20
साइबर थाना- 0-3
महिला थाना- 9-15
(नोट: वर्ष 2024 के आंकड़े 31 जनवरी तक के हैं।)
अपराध का ग्राफ नीचे लाने के लिए जिला पुलिस लगातार प्रयासरत है। इस वर्ष विभाग की ओर से शुरू की गईं कुछ विशेष मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। विशेषकर युवाओं को अपराध और नशाखोरी से खेलों की तरफ मोड़ना पुलिस की प्राथमिकता है। महिला विरुद्ध अपराधों में पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है। - नितिका गहलोत, एसपी, चरखी दादरी।