बौंदकलां। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिला पुलिस महिलाओं, छात्राओं व बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस टीम मिसरी गांव स्थित आरपीएस स्कूल पहुंची और विद्यार्थियों को जेजे व पॉक्सो एक्ट समेत अच्छी और बुरी नीयत से छूने की विस्तार से जानकारी दी।
पीएसआई सोनिया ने कहा कि पुलिस को देखकर कभी न घबराए। पुलिस आपकी सच्ची दोस्त है, इसलिए अपने समस्या बेझिझक होकर पुलिस कर्मचारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी की ज्यादती सहन न करें। अगर कोई उत्पीड़न करता है तो इसकी जानकारी तत्काल अपने परिजनों या पुलिस को दें। इससे गलत करने वालों का मनोबल नहीं बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं व बच्चों को लेकर पुलिस बहुत ही संवेदनशील है। कानून में इन अपराधों को लेकर कठोर नियम व सजा का प्रावधान है, इसलिए अपने भविष्य को सुरक्षित रखते हुए इनसे बचें और अन्य लोगों को भी इस प्रकार के अपराधों से बचाएं। पुलिस सदैव सुरक्षा के लिए तत्पर है, इसलिए किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना पुलिस को बिना किसी देरी के दें।