झोझूकलां बिजली सब स्टेशन के सामने धरना देते गांव रामबास के किसान।
बाढड़ा/झोझूकलां। गांव रामबास में बिजली किल्लत को लेकर किसानों ने शुक्रवार को झोझूकलां बिजली सब स्टेशन में धरना दिया। किसानों ने बिजली किल्लत दूर करने व लाइनमैन को बदलने की मांग की है। बिजली निगम के अधिकारियों ने किसानों को मंगलवार तक समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इसके बाद धरना समाप्त हो गया।
गांव रामबास निवासी नवीन ढिल्लो, राजेंद्र सिंह नंबरदार, नफे सिंह, चंद्रवेश, पवन कुमार, सुमित कुमार, नृपेंद्र, सोमबीर, सतेंद्र सिंह ने कहा कि बिजली आपूर्ति की लाइन सुचारु नहीं होने उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बिजली लाइन सही ढंग से नहीं चलने के कारण कपास, ज्वार, बाजरा व सब्जी की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही हैं। भीषण गर्मी में फसलें खराब हो रही हैं।
किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि लाइन पर तैनात दो लाइनमैन किसानों की बात नहीं सुनते हैं। उन्होंने बताया कि जब भी लाइन में फाॅल्ट होने पर लाइनमैन को फोन करते हैं तो वे बात नहीं करते।
किसानों ने बताया कि लाइन के फाॅल्ट को ठीक करने के बजाय मेन जंफर काट दिए जाते हैं। इसे दो-तीन दिन तक संभाला भी नहीं जाता है। किसानों का सिंचाई का काम बाधित है। किसानों ने धरना देकर रोष जताया और बिजली लाइन को सुचारु रूप से चालू करने की मांग की। किसानों ने दोनों लाइनमैन का तबादला करने की भी मांग की।
किसानों ने बताया कि बिजली निगम के एसडीओ ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मंगलवार तक उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि मंगलवार तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो उन्हें कड़ा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा।