चरखी दादरी। ई-भूमि पोर्टल अगले तीन दिन बंद रहेगा। इससे पहले शुक्रवार को 45 लोगों की जमीन रजिस्ट्री की गईं जबकि 140 जमाबंदी की नकल भी निकाली गई। वहीं, शुक्रवार को ई-दिशा केंद्र में इंतकाल संबंधी कार्य बाधित रखे गए।
बता दें कि ई-भूमि पोर्टल अगले चार दिन के लिए बंद रहने की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को ई-दिशा केंद्र में लोगों की भीड़ उमड़ी। शाम पांच बजे तक 45 लोगों ने जमीन की रजिस्ट्री करवाई। इसके अलावा जमाबंदी नकल लेने के लिए काउंटर पर लोगों की कतार लगी नजर आईं। पोर्टल बंद होने के अंतिम दिन ई-दिशा केंद्र में 140 लोगों ने जमाबंदी नकल प्राप्त की। अब तकनीक कार्य से ई-भूमि पोर्टल 17 जून रात 11 बजे तक बंद रहेगा। इसके चलते इस समय अवधि में लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्र में जमीन संबंधी सभी कार्य बंद रखे जाएंगे। पोर्टल अपग्रेड होने के बाद ही जमीनी रजिस्ट्रियों के अलावा अन्य कार्याें की सेवा बहाल की जाएंगी।
ई-दिशा केंद्र में हर रोज होते हैं ये कार्य
ई-दिशा केंद्र में प्रतिदिन 45 रजिस्ट्री होती हैं। इसके अलावा लोन के लिए जमीन सत्यापन करवाने के करीब 60 मामले प्रतिदिन सामने आते हैं। इनके अलावा प्रतिदिन 45 इंतकाल, 100 जमाबंदी नकल, और आठ से 10 बदर के केस आते हैं। ई-दिशा केंद्र में प्रतिदिन करीब 500 लोग पहुंचते हैं।
अन्य दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को अधिक निकली जमाबंदी नकल
सामान्य दिनों में जहां जमाबंदी की नकल के लिए प्रतिदिन 100 आवेदन आते थे तो वहीं पोर्टल चार दिन बंद रहने की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को 140 मामले सामने आए। जमाबंदी नकल के मामलों के आवेदन में 40 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कर्मचारियों ने शुक्रवार शाम 5 बजे तक जमीन संबंधी कार्य किए। इस समय अवधि तक 45 लोगों की जमीन की रजिस्ट्रियां की गईं जबकि 140 लोगों को जमाबंदी नकल दी गई।
-अभिमन्यु कुमार, नायब तहसीलदार, दादरी