संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर संचालित मुआवजे के लिए दिए जा रहे धरने को संबोधित करते पूर्व विधायक सोमवीर श्योराण। संवाद
- बाढड़ा में किसान संगठनों का धरना शनिवार को तीसरे दिन भी रहा जारी, पूर्व विधायकों समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने दिया समर्थन
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। अनाज मंडी के पास भाकियू की ओर से संचालित बेमियादी धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान सरकार की ओर से क्षेत्र के किसानों की सुध नहीं लेने पर रोष प्रकट किया गया। मुख्यमंत्री के 24 जुलाई के झोझूकलां आगमन पर रोष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। धरने में पूर्व विधायक सोमवीर श्योराण, पूर्व विधायक रणबीर सिंह मंदौला सहित सामाजिक संगठनों, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पहुंच कर किसानों के आंदोलन का समर्थन किया।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा की अध्यक्षता में आयोजित धरने में पूर्व विधायक सोमवीर श्योराण ने कहा कि भाजपा सरकार के 11 साल के शासन में क्षेत्र के गरीब किसान, मजदूर, व्यापारी व कर्मचारियों के हितों से खिलवाड़ किया गया है। सरकार व बीमा कंपनियां आपसी मिलीभगत कर किसानों को न तो वर्ष 2023 का मुआवजा दे रही हैं और न ही मौजूदा रबी सीजन का ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मुआवजा दे रही हैं।
कृषि क्षेत्र में खाद-बीज की किल्लत बनी रहती है। बाढड़ा, कादमा व मांढ़ी केहर कॉलेजों में प्राध्यापकों के पद खाली हैं। किसानों को नलकूप कनेक्शन से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 के बाद पहली बार सीएम नायब सिंह सैनी बाढड़ा विधानसभा में आ रहे हैं। इसलिए उनको बाढड़ा में आईआईटी निर्माण की घोषणा करते हुए इस क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी घोषणा करनी चाहिए।
पूर्व विधायक रणबीर सिंह मंदौला ने कहा कि भाजपा केवल पूंजीपति व्यवस्था लागू करना चाहती है, वहीं, जवान व किसान की उपेक्षा करना सरकार को भारी पड़ेगा।
इस दौरान सीताराम शर्मा, इनेलो जिला अध्यक्ष सूबे सिंह, पूर्व चेयरमैन सुरेश मान, भूतपूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजेश श्योराण, कप्तान भीम सिंह द्वारका, कप्तान सूबे सिंह आदि मौजूद रहे।