फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: खरीद न होने पर बाढड़ा में किसानों ने रोड किया जाम, एसडीएम ने समझाकर किया शांत

Mon, 01 May 2023 11:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी/बाढड़ा। जिले में सोमवार को भी गेहूं और सरसों खरीद कार्य प्रभावित रहा। इससे खफा किसानों ने बाढड़ा में जुई मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह ने किसानों को समझाकर शांत किया। दूसरी ओर दादरी मंडी में भी खरीद न होने से किसानों को परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन

सोमवार सुबह किसान बाढड़ा मंडी में सरसों लेकर पहुंचे तो कर्मचारियों ने खरीद न होने का तर्क देते हुए किसानों को वापस जाने की बात कही। इससे किसान आक्रोशित हो गये और मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रोड जाम कर दिया। सड़क जाम होते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संदीप कुमार ने किसानों को समझाया।
वहीं, एसडीएम ने सरसों लेकर पहुंचे किसान बिजेंद्र सिंह भांडवा, संदीप, सतपाल, सुभाष मान, जयभगवान शर्मा काकड़ौली, आनंद, राजेंद्र, अमर सिंह आदि की समस्याएं सुनीं और बाद में खरीद एजेंसी के उच्चाधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद किसानों को बताया गया कि सरसों का निर्धारित स्टाॅक पूरा कर लिया गया है। अब आगामी आदेश तक खरीद रोकने के निर्देश हैं। भविष्य में सरकार जो भी फैसला लेगी उस आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि एसडीएम ने उठान में देरी बरतने पर नाराजगी भी जताई और सरसों का उठान करवाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

- मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
आंदोलनरत किसानों ने कहा कि जल्द ही किसानों की बैठक बुलाकर जिला प्रशासन की मनमानी के खिलाफ रोष प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी उपेक्षा व लेबर की कमी के कारण खरीदे गए अनाज का उठान न होने से खुले में रखा गेहूं व सरसों बूंदाबांदी में भीग गया। इससे अब उठान कार्य में और मुश्किलें आएंंगीं।
- बाढड़ा मंडी उपेक्षा का शिकार
किसान राजेंद्र, अमित, शमशेर सिंह, आनंद, देवीलाल आदि किसानों ने बताया कि बाढड़ा मंडी उपेक्षा से जूझ रही है। मंडी में 50 हजार बैग खुले आसमान के नीचे रखे हैं। आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष हनुमान शर्मा ने जिला प्रशासन से अनाज के उठान का प्रबंध करने की मांग की है। उन्होंने किसानों से एक से पांच मई तक मौसम खराब की आशंका को देखते हुए मंडी में अनाज न लाने की अपील की है।
- जिले में ये है खरीद की स्थिति
दादरी जिले में अब तक 2.98 लाख क्विंटल सरसों और 2.04 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। पिछले तीन दिनों से जिले में खरीद बंद है। वहीं, उठान की बात करे तो 1.21 लाख क्विंटल सरसों का और 1.22 लाख क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका है। अभी 1.76 लाख क्विंटल सरसों और 81 हजार क्विंटल गेहूं मंडियों और खरीद केंद्रों पर पड़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें