चरखी दादरी। खेती में जोखिमों को कम करने और खेती को जहर मुक्त बनाने के लिए सरकार किसानों को विभिन्न प्रकार की अनुदान योजनाओं का लाभ दे रही है। इसके तहत दो से पांच एकड़ भूमि वाले किसानों को देसी गाय की खरीद पर अधिकतम 25,000 रुपये का अनुदान सरकार की ओर से देय है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि उपरोक्त योजना का लाभ लेने वाले किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए जीवामृत का घोल तैयार करने के लिए चार बड़े ड्रम निशुल्क दिए जाएंगे। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश में 50,000 एकड़ में प्राकृतिक खेती करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाकर कृषि विभाग किसानों काे प्राकृतिक खेती करने के लिए जागरूक कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बाजार में बढ़ रही मांग के मद्देनजर अधिक उपज प्राप्त करने के लिए रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के उपयोग में जबरदस्त वृद्धि हुई है, जिसके परिणाम स्वरूप कार्बनिक कार्बन में जबरदस्त कमी आई है। मिट्टी और फसल उपज में हानिकारक रसायनों में वृद्धि हुई है। इन हानिकारक रसायनों के प्रभाव को कम करने के लिए सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन दे रही है।