फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: पीजीआई में परिजनों का 7 घंटे हंगामा, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लिया शव

Sat, 28 Feb 2026 01:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी/रोहतक। छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में शुक्रवार को आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव न लेने पर अड़े परिजनों ने रोहतक पीजीआई में सात घंटे तक हंगामा किया। इससे दबाव में आई पुलिस ने एक आरोपी रोहतक के बनियानी निवासी साहिल को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने दादरी आकर इसकी पुष्टि के बाद शव ले लिया। शाम करीब छह बजे मृतका का उसके ननिहाल जींद में अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने एसआईटी का गठन किया है। महिला आयोग ने भी इस मामले में पुलिस अधीक्षक से पांच दिन में विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है।
विज्ञापन


छात्रा के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सुबह करीब 10 बजे पीजीआई की मोर्चरी की बाहर इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। दोपहर करीब ढाई बजे दादरी डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी पीजीआई पहुंचे और परिजनों को मनाने का प्रयास किया लेकिन वे आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव नहीं लेने पर अड़े रहे। अधिकारियों ने कहा कि एक आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने कहा कि इसकी पुष्टि होने के बाद ही शव लेंगे। इस पर पुलिस की एक टीम मृतका के परिजनों को लेकर दादरी पहुंची और साहिल की गिरफ्तारी की पुष्टि करवाई। शाम 4 बजकर 50 मिनट पर परिजन पीजीआई पहुंचे और शव ले लिया।
चार युवक कार में बैठाकर ले गए थे, पार्क में अर्ध बेहोशी की हालत में मिली
दादरी सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 10वीं की छात्रा थी। वह 24 फरवरी को सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। दोपहर में उसने खुद को पार्क में अर्ध बेहोशी की हालत में पाया। उसने अपनी सहेली को कॉल कर आपबीती बताई। इसके बाद उसकी सहेली के माध्यम से सूचना मिली कि उसे जहर या कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया है। बेटी के मोबाइल पर फोन किया तो उसने नहीं उठाया। कुछ देर बाद अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने बताया कि आपकी बेटी दादरी के एक पार्क में बेहोशी की हालत में पड़ी है। इसके बाद उसने पुलिस की मदद से बेटी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी के साथ गलत काम किया और जहर देकर मारा गया है।
विज्ञापन

बेटी की सहेली से जाना घटनाक्रम
पीड़ित ने बताया कि 25 फरवरी को उसने बेटी की सोनीपत निवासी सहेली को फोन किया तो पता चला कि वह महेंद्रगढ़ निवासी अपनी एक सहेली के साथ चरखीदादरी गई थी। वहां चार युवकों के साथ कॉफी शॉप पर गई। उन युवकों ने उसे कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गई और वे युवक उसे कार में बैठाकर ले गए।
आरोप: मोबाइल नंबर व नाम बताने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं

मृतका के पिता का आरोप है कि उसने बेटी के मोबाइल फोन से साहिल का मोबाइल नंबर व उस लड़की का नाम पुलिस को बता दिया था जो उसे गांव से 50 किलोमीटर दूर चरखीदादरी लेकर गई थी। फिर भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव लेने का दबाव बनाती रही। पुलिस प्रवक्ता योगेश ने बताया कि इस मामले में साहिल सहित अन्य पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एसआईटी का गठन किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट

इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज कर मामले की विस्तृत रिपोर्ट पांच दिन में देन के निर्देश दिए हैं। भाटिया ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें