चरखी दादरी। गांव तिवाला में आपसी विवाद के बाद एक परिवार पर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में मोनू, उसके भाई शिवा, चाचा शमशेर और भतीजे हिमांशु को चोटें आई हैं। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मोनू ने बताया कि 11 नवंबर को उसे चाचा सुरेंद्र का फोन आया कि पड़ोसी नरेंद्र उसके भाई शिवा के साथ गाली-गलौज व झगड़ा कर रहा है। वह काम से लौटकर नरेंद्र को समझाने गया तो उसने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चाचा शमशेर, भाई शिवा और भतीजा हिमांशु भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि नरेंद्र के परिवार के सदस्यों ने मिलकर उन पर ईंट-पत्थरों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। भागने लगे तो आरोपियों ने गली में रास्ता रोककर दोबारा मारपीट की। घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां शमशेर की आंख में गंभीर चोट होने पर उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
सदर थाना पुलिस ने नरेंद्र, उसके भाइयों सुरेश व प्रीतम, पिता संतु समेत नौ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद