चरखी दादरी। जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने की। बैठक में पूर्व निर्धारित 15 शिकायतों पर विस्तार से सुनवाई की गई जिनमें से छह शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी जनता की सेवा के लिए हैं। विकास कार्यों अथवा जनसमस्याओं के समाधान में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
बिजली शिकायतों का अलग-अलग रिकॉर्ड रखने के निर्देश
बैठक में बिजली निगम से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी शिकायतों और बिजली कटौती की शिकायतों का अलग-अलग रजिस्टर तैयार किया जाए। अगली बैठक में इन रजिस्टरों को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। शिकायत का समाधान होने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी देने व निचले स्तर के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने पर जोर दिया गया।
पैतावास खुर्द की चकबंदी में खामियों की होगी जांच
गांव पैतावास खुर्द में इंतकाल की गलती और चकबंदी से जुड़ी शिकायत पर मंत्री ने जिला राजस्व अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया गांव की चकबंदी प्रक्रिया में कई खामियां दिखाई दे रही हैं। मामले की नियमानुसार जांच कर त्रुटियों को दूर करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मिसरी सड़क और पेड़ों की कटाई की होगी संयुक्त जांच
मारपीट से जुड़े एक मामले में महिला शिकायतकर्ता को दोबारा अपनी बात रखने का अवसर देने के निर्देश दिए गए। वहीं गांव मिसरी में सड़क निर्माण गलत स्थान पर किए जाने व पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत पर एसडीएम दादरी, लोक निर्माण विभाग और वन विभाग को संयुक्त जांच करने को कहा गया। जांच रिपोर्ट अगली समिति बैठक में प्रस्तुत की जाएगी।
सीसीआई अंडरपास का स्थायी समाधान करने पर जोर
गांव पिचौपा कलां में स्टेडियम निर्माण के मामले में संबंधित विभागों को जल्द औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीसीआई अंडरपास की लंबे समय से बनी समस्या का अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान सुनिश्चित करने पर भी मंत्री ने जोर दिया।
निचले स्तर पर ही हों शिकायतों का समाधान : विधायक
विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि जब किसी व्यक्ति की समस्या का समाधान विभागीय स्तर पर नहीं होता तभी उसे जन परिवेदना समिति तक पहुंचना पड़ता है। अधिकारियों को चाहिए कि वे आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लें और प्राथमिक स्तर पर ही उनका समाधान करें।