संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। पूर्व सरपंचों को पिछले 48 माह से सम्मान भत्ता आवेदन करने के लिए पोर्टल ओपन का इंतजार है। पूर्व सरपंचों को प्रति माह एक हजार रुपये सम्मान भत्ता देने की घोषणा सरकार ने कर रखी है।
बाढड़ा व झोझूकलां खंड के पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों ने बीडीपीओ कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर पांच दिन में समाधान न होने पर सोमवार से खंड कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर बेमियादी धरना शुरू करने का एलान किया है।
पूर्व सरपंच एसोसिएशन के खंड संयोजक सुरेश धनासरी व कानूनी सलाहकार संजीव श्योराण ने बताया कि सरकार को जल्द पोर्टल खोलना चाहिए। सुरेश ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास में कोई रुचि नहीं ले रही है। आमजन सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने के लिए मजबूर है। वर्ष 2016 से 2021 तक रहे पूर्व सरपंचों को अब तक सम्मान भत्ता नहीं मिला है।
पूर्व सरपंच अजीत सिरसली, पूर्व सरपंच राजेश पंचगावां, अजीत श्योराण, बबीता देवी ने बताया कि वे उपायुक्त, प्रदेश के पंचायत मंत्री, डीडीपीओ को पत्र लिख चुके हैं। समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है।
झोझूकलां पंचायत समिति सदस्य गुणपाल दगड़ौली व पूर्व सरपंच एसोसिएशन कमेटी महासचिव राजेश पंचगावां ने बताया कि एक तरफ तो प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूदा व पूर्व सरपंचों के हितों के लिए अनेक घोषणाएं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वहीं, धरातल पर विभाग की लापरवाह कार्य शैली से पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मजाक किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को पांच दिन का समय दिया है। सोमवार से बाढड़ा व झोझूकलां में बीडीपीओ कार्यालय की तालाबंदी कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।