संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में वीरवार को 38 केंद्रों पर दसवीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। शहर के राजकीय कन्या स्कूल परीक्षा केंद्र पर नकल डालने के लिए काफी असामाजिक तत्व पहुंचे। ये परीक्षा केंद्र की दीवार पर चढ़े और अंदर जाकर पर्ची डालने की कोशिश करते रहे। परीक्षा केंद्र पर तीन से चार पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। हालांकि परीक्षा के दौरान नकल का कोई मामला नहीं आया।
उड़नदस्तों ने दादरी और बाढड़ा क्षेत्र में बनाए नौ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। बोर्ड की प्रश्नपत्र फ्लाइंग टीम के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पेपर शुरू होते ही केंद्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया। टीम ने गांव मिसरी, झींझर,बरसाना व छपार केंद्रों का निरीक्षण किया। इसी प्रकार कलेक्शन सेंटर फ्लाइंग ने शहर में एक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। अंग्रेजी विषय की परीक्षा होने की वजह से पुलिस की तरफ से भी चौकसी बरती गई, ताकि पेपर आउट न होने पाए और नकलरहित परीक्षा संपन्न करवाई जा सके।