चरखी दादरी। शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाओं में अव्यवस्था के चलते चरखी दादरी के दो परीक्षा केंद्र शिफ्ट किए गए हैं। इन दोनों परीक्षा केंद्रों के छात्रों की 10 मार्च को नए परीक्षा केंद्रों में परीक्षा ली जाएगी। झोझूकलां राजकीय स्कूल के परीक्षा केंद्र को शहर के वैश्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में और पिचोपा कलां राजकीय स्कूल के परीक्षा केंद्र को गांव भांडवा स्थित प्रज्ञा स्कूल में शिफ्ट किया गया है। वहीं, वीरवार को बारहवीं कक्षा की गृह विज्ञान विषय की परीक्षा संपन्न हुई।
शिक्षा बोर्ड की प्रश्नपत्र फ्लाइंग इंचार्ज विद्यासागर गेरा ने बताया कि इन दोनों परीक्षा केंद्रों में नकल व अव्यवस्था बनी रही है। झोझूकलां परीक्षा केंद्र के तो सीसीटीवी ही तोड़ दिए गए थे। सीसीटीवी तोड़ने के मामले की जांच के लिए शिक्षा बोर्ड के ज्वाइंट सेक्रेटरी ने झोझूकलां केंद्र का दौरा कर जायजा लिया था। बोर्ड प्रशासन ने दो केंद्र शिफ्ट करने का निर्णय लिया है।
इंचार्ज विद्या सागर गेरा ने बताया कि उनकी टीम में शामिल रविंद्र सिंह तंवर व नरेश कुमार ने वीरवार को शहर के राजकीय कन्या स्कूल, वैश्य स्कूल दादरी व झोझूकलां केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि वीरवार को 29 केंद्रों में परीक्षा संपन्न करवाई गई। उन्होंने बताया कि 10 मार्च को बारहवीं कक्षा की भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी।