नेशनल हाईवे 152D पर रानीला के पास बुधवार तड़के एक अज्ञात वाहन ने वरना कार को टक्कर मार दी। कार में सवार जीरकपुर निवासी आशी उम्र 18 साल और उनकी मां रंजना उम्र 42 साल पुष्कर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। हादसे में दोनों मां-बेटी घायल हो गईं, जबकि चालक रणजीत उम्र 37 साल निवासी चंडीगढ़ की मौके पर मौत हो गई। अचीना चौकी पुलिस ने मृतक की पत्नी रागनी के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रानीला के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक आशी के पिता पुष्कर एक होटल में जनरल मैनेजर हैं, जहां बुधवार रात एक कार्यक्रम आयोजित होना था। इसके लिए आशी और रंजना बुधवार तड़के 4 बजे जीरकपुर से रणजीत के साथ कार में रवाना हुईं। रानीला के पास NH-152D पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों ने घायलों को दादरी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रंजना और आशी को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां रंजना की हालत गंभीर बनी हुई है। आशी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि रणजीत को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय आशी का पालतू कुत्ता भी कार में था, जिसे वे पुष्कर ले जा रही थीं। रंजना चालक के बगल में और आशी कुत्ते के साथ पीछे की सीट पर थीं। हादसे में तीनों व्यक्तियों को चोटें आईं, लेकिन कुत्ते को कोई चोट नहीं आई है।