चरखी दादरी। शहर स्थित नई सब्जी मंडी के गेट दो के सामने एनएच 334 बी के समीप पिछले तीन महीने से अंडरग्राउंड पेयजल लाइन लीकेज चल रही है। जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण हजारों लीटर पीने का पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है।
वहीं लाइन से जुड़ी कॉलोनियों में पर्याप्त पानी न पहुंचने के कारण लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने जिला प्रशासन से लीकेज चल रही पाइप लाइन को ठीक करवाने की मांग की है ताकि परेशान लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।
नई सब्जी मंडी के सामने एनएच 334 बी पर पिछले तीन महीने से पेयजल पाइपलाइन में हुआ लीकेज अब एक बड़ी समस्या बन चुका है। विभाग की अनदेखी के चलते स्थानीय लोगों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नई सब्जी मंडी के ठीक सामने स्थित मुख्य पेयजल पाइपलाइन में आए लीकेज से पिछले 90 दिनों से पानी की बर्बादी हो रही है। सड़क पर हर समय पानी जमा रहता है जिससे न केवल जल की भारी बर्बादी हो रही है बल्कि वहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी मुसीबत बनी हुई है।
सड़क पर पानी भरने से गहरे गड्ढे हो रहे हैं जिससे आए दिन छोटे-मोटे हादसे भी हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी है लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी मौका मुआयना करने तक नहीं पहुंचा।
लोगों में जनस्वास्थ्य विभाग के प्रति बना है आक्रोश : स्थानीय निवासी कालू फोगाट, महिपाल फोगाट, बोरा फोगाट, संजय कुमार, अजय व पंकज फोगाट ने बताया कि विभाग का ध्यान केवल बिल वसूली तक सीमित रह गया है। रखरखाव के नाम पर बरती जा रही यह लापरवाही अब बर्दाश्त से बाहर है।
सैनी गंज और कबीर नगर के बाशिंदों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले दो-तीन दिनों के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई, तो वे कोई भी बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।