फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: अब 25 दिन बाद होगी घरेलू एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग, एडवांस बुकिंग के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे उपभोक्ता

Wed, 11 Mar 2026 12:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडर की बुकिंग करवाने के लिए कतार में खड़े उपभोक्ता।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। ईरान-अमेरिका के युद्ध के बीच एलपीजी की आपूर्ति कम होने की सूचनाओं के चलते काफी संख्या में उपभोक्ता सिलिंडर की एडवांस बुकिंग के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। शहर में हालात ऐसे बने हैं कि गैस एजेंसियों के सामने काफी संख्या में ग्राहक देखे जा सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलिंडर के बढ़ाए गए दाम और अब बुकिंग के लिए बढ़ाया गया समय उनके लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि पीछे से ही पर्याप्त गैस की आपूर्ति न मिलने से समस्या और गहरा सकती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से संकट की घड़ी में संयम बरतने की अपील की है।
विज्ञापन

शहर में करीब 52 हजार घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते एलपीजी की आपूर्ति में कमी के चलते एक तरफ जहां घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में बढ़ोतरी की गई हैं। वहीं अब बुकिंग करवाने के लिए समय अवधि को भी बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग करवा दी है, उन्हें भी सिलिंडर मिलने में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मौजूदा समय में शहर में इंडेन कंपनी की दो एजेंसियां हैं। इनसे करीब 52 हजार उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। अशोक इंडेन गैस एजेंसी संचालक नरेंद्र ने बताया कि उनके पास केवल मंगलवार तक का ही स्टॉक बचा हुआ था। उसे वितरित कर दिया गया है। इसके अलावा 500 उपभोक्ताओं ने बुकिंग भी करवाई है। लेकिन अभी तक गैस सिलिंडर आने की कोई सूचना नहीं है। ऐसे में यदि समय रहते सिलिंडर नहीं आए तो एडवांस बुकिंग का आंकड़ा भी बढ़ता जाएगा। वहीं दादरी इंडेन गैस एजेंसी के पदाधिकारी ने बताया कि पहले जहां बुकिंग से अगले ही दिन सिलिंडर की आपूर्ति कर दी जाती थी वहीं अब हालातों को देखते हुए बुकिंग करवाने के बाद भी सिलिंडर के लिए उपभोक्ता को इंतजार करना पड़ सकता है।
विज्ञापन

क्या बोले उपभोक्ता :
ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने के कारण गैस एजेंसी आना पड़ा है। यहां आने के बाद भी एक घंटे से लाइन में लगने के बाद भी नंबर नहीं आया हैं। युद्ध से बने हालातों के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।- हितेश कुमार, उपभोक्ता।

एक तरफ तो घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं अब कीमत बढ़ने के बावजूद समय पर गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक पीड़ा का भी सामना करना पड़ रहा हैं।-जितेंद्र कुमार, उपभोक्ता।
अब 25 दिन में होगी बुकिंग
बता दें कि 15 दिन पहले एक उपभोक्ता एक महीने की अवधि में दो गैस सिलिंडर की बुकिंग करवा सकता था। लेकिन अब नई गाइडलाइन जारी होने के बाद 25 दिन के बाद गैस की बुकिंग हो पाएगी। इसके बाद भी गोदाम में पहुंची गैस के आधार पर वितरण किया जाएगा।

उपभोक्ता करवाएं ईकेवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ईकेवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट नहीं करवाया है वे तुरंत प्रभाव से एजेंसी में पहुंच कर इन्हें पूरा करवाएं। बगैर ईकेवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट के गैस की बुकिंग संभव नहीं हो पाएगी।
वर्सन :
फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद की गई है। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग करवाने का समय 25 दिन किया गया है। गैस किल्लत को लेकर किसी उपभोक्ता की कोई भी शिकायत हमारे पास नहीं आई है।- नीतू, डीएफएससी, दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें