चरखी दादरी। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक की टीम ने गत सोमवार दादरी के लघु सचिवालय स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए रजिस्ट्री क्लर्क को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बता दें कि दादरी राजस्व विभाग में रजिस्ट्री क्लर्क के पद पर तैनात अनिल कुमार ने गांव छपार निवासी एक व्यक्ति से जमीन की रजिस्ट्री पर लगी आपत्ति को हटाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। जिस पर सोमवार को गांव छपार निवासी व्यक्ति ने एंटी करप्शन ब्यूरो रोहतक को शिकायत दी। जिसमें उसने बताया था कि दादरी में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क द्वारा गांव की एक जमीन की रजिस्ट्री पर लगे एतराज को हटाने की एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। जिस पर एसीबी रोहतक की टीम ने योजना बनाकर सोमवार को दबिश दी। जैसे ही शिकायतकर्ता ने रजिस्ट्री क्लर्क को पांच हजार रुपये दिए, उसी दौरान टीम ने उसे रंगे हाथ काबू कर लिया था। जिसके बाद एसीबी ने आरोपी रजिस्ट्री क्लर्क के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को उसे दादरी न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।