चरखी दादरी। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए शहर के सभी दुकानदार व व्यापारी फ्रंटलाइन वर्कर की तरह काम करें। अगर कोई व्यक्ति बिना मास्क के सामान लेने आएं तो उन्हें इनकार कर दें। अपनी दुकानों के आगे गोल घेरे बनाकर सामाजिक दूरी सुनिश्चित करेें। जिस दुकान का आकार करीब 50 गज है, उसमें दो सेल्समैन और दो ही उपभोक्ता काउंटर पर होने चाहिए। दूरी के लिए सभी दुकानदार काउंटर के सामने रस्सी लगाकर रखें। यह निर्देश उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने शहर के व्यापारियों के साथ बैठक करते हुए दिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना धीरे-धीरे पांव पसारता जा रहा है। दिल्ली, गुरुग्राम और दादरी के नजदीक लगते जिलों में स्थिति निरंतर बिगड़ती जा रही है। इसलिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो चुका है। कोविड की रोकथाम के लिए हर तरह से प्रयास किए जाएंगे। इसमें व्यापारी भी अपना सहयोग दें और फ्रंट लाइन वर्कर्स की तरह काम करें। उन्होंने कहा कि दुकान पर आए जिस उपभोक्ता ने वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगवाई है तो उसे प्रेरित करें। व्यापारी भी ग्राहक को अपना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिखाने के लिए कह सकता है। उन्होंने कहा कि मास्क और सामाजिक दूरी से ही कोरोना महामारी पर काबू पाया जा सकता है। ट्रक, डंपर, फोर व्हीलर आदि के जो ड्राइवर दूसरे राज्यों व शहरों से दादरी में आ रहे हैं, उनके सैंपल लेकर कोरोना की जांच करवाई जाएगी। बैठक में एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह व नगराधीश नरेंद्र कटारिया भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपायुक्त ने दुकानदारों की समस्याएं सुनीं और उनका निदान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
दो के बाद तीसरा चालान काटने की नौबत आने पर सील होगी दुकान
डीसी ने कहा कि कहीं भी दुकान पर भीड़ नजर आई तो उसका चालान काट दिया जाएगा। दो चालान के बाद तीसरा काटने की नौबत आई तो उस दुकान को जुर्माना लगाने के साथ-साथ सील कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी एवं उद्यमी अपने घरों व परिवारों में 15 से 18 साल तक के बच्चों को वैक्सीन अवश्य लगवाएं। बच्चों का सुरक्षित रहना हर परिवार के लिए बेहद जरूरी है।
बिना पक्षपात के होगी चालान की कार्रवाई
प्रदीप गोदारा ने व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को विश्वास दिलवाया कि चालान आदि कार्रवाई में किसी के साथ पक्षपात नहीं किया जाएगा। यहां तक कि वह स्वयं मास्क नहीं पहनते हैं, तो उनका भी चालान काटा जाए। बगैर मास्क के कहीं कर्मचारी मिलते हैं तो सरकारी कार्यालयों के भी चालान किए जाएंगे। प्रशासन ने मास्क, वैक्सीनेशन, सामाजिक दूरी आदि की चेकिंग के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
बैठक में यह व्यापारी रहे मौजूद
बैठक में पूर्व चेयरमैन संजय छपारिया, राजकुमार शर्मा, मोतीलाल बिंदल, रविंद्र सिंह गुप्ता, रामकुमार रिटोलिया, मनफूल शर्मा, बलराम गुप्ता, विनोद गर्ग, विष्णु, मितेश गोयल, सुनील जांगड़ा, संजीव जैन, रामदयाल पाहवा, सुदेश वर्मा, हरदेश पाहवा, भुनेश गोयल, सुनील गुप्ता, महेश गुप्ता, रमेश लांबा, सुदेश वर्मा, सतबीर गौड़, नंदलाल ठुकराल, विजय अग्रवाल, संदीप फौगाट, जयभगवान शर्मा आदि उपस्थित रहे।