सुखदेव की हत्या के विरोध में बौंदकलां में प्रदर्शन करते लोग।
बौंदकलां। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव की हत्या के विरोध में बुधवार को कस्बा की सड़कों पर लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसील कार्यालय पहुंचकर नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन के जरिये मामले की सीबीआई जांच करवाकर हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की गई।
इससे पहले लोग यशपाल की अध्यक्षता में बौंदकलां बस स्टैंड के समीप एकत्र हुए। यहां वक्ताओं ने सभी को मामले से अवगत करवाया। प्रदर्शन में शामिल करीब पचास लोग सड़क पर प्रदर्शन करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे। इस दौरान नारेबाजी कर रोष जताया गया।
तहसील कार्यालय में प्रदर्शनकारियों से मिलने नायब तहसीलदार पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा गया। नायब तहसीलदार ने ये ज्ञापन सरकार के पास भेजने का आश्वासन दिया। ज्ञापन के जरिये सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की सीबीआई जांच करवाकर हत्यारों को फांसी की सजा दिलवाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस मौके पर कांग्रेस नेता अजीत फौगाट, सुरेंद्र परमार, गोविंद, नवीन योगी, अनिल साहू, शेखू राणा, अजय खोजी व शुभम नंबरदार आदि मौजूद रहे।