डीसी मनदीप कौर को ज्ञापन सौंपते हुए अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल।
चरखी दादरी। द्वारका एक्सप्रेस-वे से वाया एम्स होते हुए चरखी दादरी के महेंद्रगढ़ चौक तक ग्रीन फील्ड रोड बनवाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री और सड़क व परिवहन मंत्री के नाम बार एसोसिएशन पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंंपा। इस पर उपायुक्त मनदीप कौर ने मांगपत्र जल्द आगे भेजने का आश्वासन दिया।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र मैहड़ा व अधिवक्ता संजीव तक्षक आदि ने उपायुक्त मनदीप कौर को प्रधानमंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी व सांसद धर्मबीर सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से द्वारका एक्सप्रेस-वे से वाया एम्स होते हुए चरखी दादरी के महेंद्रगढ़ चौक तक ग्रीन फील्ड रोड बनवाने की मांग की।
अधिवक्ता संजीव तक्षक ने बताया कि चरखी दादरी को द्वारका एक्सप्रेस-वे से वाया एम्स-बाढ़सा, मातनहेल से चरखी दादरी में महेंद्रगढ़ चौक तक मिलाया जाए ताकि एयरपोर्ट व एम्स बाढ़सा के सीधे एवं सुगम रास्ते की सेवाएं चरखी दादरी वासियों को उपलब्ध हो सके। इससे माइनिंग व क्रशर जोन का भी एनसीआर से सीधा जुड़ाव होगा। चरखी दादरी से दिल्ली की दूरी भी कम होगी। इसके अलावा एनटीपीसी झाड़ली (झज्जर) व इसके आसपास की सीमेंट कंपनियां भी इसी कॉरिडोर से जुड़ जाएंगी।
ज्ञापन में कहा कि चरखी दादरी को यह प्रोजेक्ट मिलने पर प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के आसार बढ़ जाएंगे। ज्ञापन में कहा गया कि एयरपोर्ट से इतनी नजदीकी होने के बावजूद भी चरखी दादरी की औद्योगिक गति बहुत ही कम है। इस ग्रीन फील्ड रोड के निर्माण होने से व्यवसायिक गतिविधियों को भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। झज्जर से बिलावल ग्रीन फील्ड फोरलेन के बजाय इस रोड पर ध्यान देकर इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाना उचित होगा। ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता प्रदीप डाला, अधिवक्ता प्रशांत गहलावत, अधिवक्ता राजा गोदारा, अधिवक्ता नीटू तिवाला, अनिल फौगाट, रणजीत पाल, संजय साहू आदि मौजूद रहे।