रोहतक रोड रेलवे फाटक के पास आरओबी का काम करने के लिए लगाए गए उपकरण।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर के मुख्यमार्गों में शामिल रोहतक रोड पर यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए रेलवे क्रासिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का कछुआ गति से चल रहा काम लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है।
एजेंसी की ओर से 15 महीने बाद भी 30 प्रतिशत काम पूरा करने से विभाग में गहरी नाराजगी बनी हुई है। कार्य के प्रति बरती जा रही ढिलाई पर सख्ती दिखाते हुए लोक निर्माण विभाग ने एजेंसी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। निर्माण कार्य में बरती जा रही सुस्ती से लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि शहर के रोहतक रोड रेलवे फाटक पर लोक निर्माण विभाग 76 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी बनवा रहा है। विभाग की ओर से जारी निविदा के अनुसार एजेंसी को यह कार्य दो वर्ष की अवधि में पूरा करना था। एजेंसी ने फरवरी 2025 में आरओबी का निर्माण कार्य शुरू किया था लेकिन काम गति नहीं पकड़ पाया।