माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। जिले में आपदा प्रबंधन पर एनडीआरएफ भठिंडा टीम की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने समीक्षा की।
उपायुक्त ने कहा कि आपदा के समय होने वाले नुकसान को कम करने के लिए समय पर जानकारी और प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है। इस अभियान में सरकारी विभागों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन्हें विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वे उसे गंभीरता से निभाएं। साथ ही सभी विभाग अपने-अपने संसाधनों का ब्योरा तुरंत डीआरओ कार्यालय में जमा कराएं ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि आपदा के दौरान घायलों को समय पर सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) जैसे प्राथमिक उपचार मिलने से जीवन बचाया जा सकता है। एनडीआरएफ टीम इसी उद्देश्य के साथ लोगों को प्रशिक्षित कर रही है। अभियान के तहत यह बताया जा रहा है कि सीपीआर जैसी तकनीक कैसे किसी घायल की जान बचा सकती हैं।
डॉ. नागपाल ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी व प्रशिक्षण प्राप्त कर खुद को और समाज को सुरक्षित बनाएं।
फोटो 35- आपदा प्रबंधन के जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक लेते उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल। स्रोत : सूचना विभाग