चरखी दादरी। पुरानी अनाज मंडी स्थित जमींदारा सोसायटी कार्यालय में मंगलवार को भी डीएपी खाद बांटी गई। वितरण प्रक्रिया धीमी होने से किसान को खाद मिलने में काफी परेशानी हो रही है। किसानों ने कार्यालय में खाद वितरण के लिए एक काउंटर और बनाए जाने की मांग की है ताकि जल्दी खाद का वितरण हो सके।
मंगलवार को सोसायटी कार्यालय में 1500 बैग डीएपी के और पहुंचे। इनमें से सवा आठ सौ बैग का वितरण किया गया। खाद के टोकन वितरण के दौरान पुलिस के जवान मौके पर तैनात रहे। किसानों का कहना है कि खाद के लिए उन्हें दिनभर कार्यालय के बाहर खड़ा रहना है। पहले दिन नंबर नहीं आने पर अगले दिन फिर आना पड़ता है।
विज्ञापन
खाद वितरण से पहले किसानों को वरिष्ठता के आधार पर नंबर दिए जा रहे हैं। इन नंबरों के आधार पर खाद बांटी जा रही है। शाम पांच बजे तक करीब 230 किसानों को ही खाद मिल सकी और करीब 300 किसानों को वरिष्ठता नंबर दिए गए थे। बचे हुए किसानों को खाद से वंचित रहना पड़ा और उन्हें अगले दिन फिर से आकर नंबर लेने के लिए कहा गया।
एक किसान को खाद लेने में लग रहे 10 से 15 मिनट : खाद वितरण प्रक्रिया में किसानों को तकनीकी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। जब किसान का नंबर आता है, तो उन्हें मशीन में अंगूठा लगाना होता है। फसल पोर्टल पर दर्ज जमीन की प्रति और आधार कार्ड जमा कराना अनिवार्य है। इस वजह से एक किसान को खाद प्राप्त करने में 10 से 15 मिनट तक लग जाते हैं।