- रुपये डबल करने का झांसा देकर निमली निवासी सैनिक से पांच ट्रांजेक्शन के जरिये यूपीआई आईडी में डलवाए 1,04,963 रुपये
- ऑनलाइन बैंकिंग पासवर्ड अपडेट करते समय एप इंस्टॉल करवाकर किसान का फोन किया हैक, खाते से कटे 94,225 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में सैनिक और किसान से ठगी के दो मामले सामने आए हैं। सैनिक को रुपये डबल करने का झांसा देकर जबकि किसान को केवाईसी अपडेट करने के नाम पर साइबर अपराधियों ने चपत लगाई। दोनों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित किसान छपार गांव का जबकि सैनिक निमली गांव का रहने वाला है। वहीं, जनवरी माह की बात करें तो जिले में साइबर ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। इनमें ठगों ने तीन पीड़ितों को कुल 6.96 लाख की चपत लगाई है।
किसान और सैनिक कैसे हुए ठगी के शिकार
केस-1- रुपये दोगुना करने के लालच में सैनिक ने गंवाए 1,04,963 रुपये
निमली निवासी अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आर्मी में कार्यरत है। पिछले एक माह से वह बैंक निफ्टी एक्सपर्ट बोस टीएम नामक चैनल से जुड़ा हुआ था। 24 जनवरी को उस चैनल पर रुपये डबल करने का एक मैसेज प्राप्त हुआ। इसमें लिंक दिया था। लिंक पर क्लिक करते ही उसका व्हाट्सएप नंबर खुल गया। पैसे डबल करवाने के लिये 8000 रुपये एक यूपीआई आईडी में भेजने के लिए कहा गया। 8000 डालने के बाद 12 हजार रुपये मांगे गए। सैनिक ने बताया कि 20 हजार भेजने के बाद भी रुपये डबल नहीं हुए और तीसरी बार में 13000 रुपये की और मांग की गई। इसके बाद 9000 रुपये, फिर 7,000 व 2000 रुपये यूपीआई आईडी पर भेजे। सैनिक का आरोप है कि फिर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद उसने इंटरनेट से एक शिकायत नंबर देखा और उस पर कॉल कर फ्रॉड की जानकारी दी। इसके बाद उसके पास व्हाट्सएप कॉल आई और बात करने वाले शख्स ने भी उससे धोखाधड़ी कर 19230, 4987, 9728 व 4329 रुपये की चार ट्रांजेक्शल करवा ली। इस प्रकार सैनिक से कुल 1,04,963 रुपये ठगे गए।
केस-2: एप इंस्टॉल होते ही हैंग हो गया मोबाइल, धड़ाधड़ आए रुपये कटने के मैसेज
छपार निवासी हरविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती करता है। 10 जनवरी को वह ऑनलाइन बैंकिंग पासवर्ड बदल रहा था। उसी दौरान बैंक एप का उसके व्हाट्सएप पर ऑनलाइन लिंक आया। इस पर क्लिक करने से हरविंद्र के फोन में योको मिनी बैंक नामक एक एप्लीकेशन इंस्टॉल हो गई। उसका फोन हैंग हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार वह चाहकर भी अपना मोबाइल ऑपरेट नहीं कर पाया और मोबाइल पर ओटीपी और खाता से रुपये कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। कुछ देर बाद जब उसने खाता चेक किया तो एक ट्रांजेक्शन 50 हजार की, दूसरी 31,860 रुपये की, तीसरी 12,365 रुपये की हुई मिली। हरविंद्र ने बताया कि अनजान व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने के लिए लिंक भेजा और कुल 94,225 रुपये की ठगी कर डाली। खाताधारक बैंक पहुंचा तो वहां से भी उसे खाते से ट्रांजेक्शन के जरिये रुपये कटने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर थाना पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत सौंपी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- जनवरी 2025 में तीन लोग बने साइबर ठगों के शिकार
जनवरी 2025 की बात करें तो साइबर ठगी के जिले में तीन मामले सामने आए हैं। इन मामलों में करीब 6.96 लाख की ठगी हुई है। साइबर थाने में पहली एफआईआर 5 जनवरी को दर्ज हुई थी। उस मामले में पुलिस ने घसोला निवासी चंद्रपाल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। चंद्रपाल से साइबर ठगों ने 4,96,000 रुपये की ठगी की थी। अभी यह मामला अनट्रेस है। पूरे जनवरी माह के आंकड़े देखें तो हर 10 दिन में एक शख्स को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया है।
वर्सन:
साइबर थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही वारदात को ट्रेस कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लोगों को सजग व सतर्क रहने की जरूरत है। इसके लिए जिला पुलिस समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चला रही है।
-योगेश कुमार, प्रवक्ता, चरखी दादरी पुलिस
फोटो 01
झोझूकलां स्थित साइबर पुलिस थाना। संवाद