संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के वार्ड-18 स्थित एक शिव मंदिर से चोरों ने मंदिर व दानपात्र का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये व चांदी के मुकुट समेत माता के गहने चुरा लिए। श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो चोरी का पता चला। अब मंदिर कमेटी प्रधान जयवीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। इसके आधार पर शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड-18 में शिव मंदिर धर्मार्थ चैरिटेबल ट्रस्ट बनाया हुआ है। इसमें 21 सदस्यों की कमेटी है। मंदिर में दान पात्र रखा है। हर माह 1 तारीख को पात्र की जांच कर दान किया सामान निकाला जाता है। जयवीर सिंह ने बताया कि 1 मई को दान पात्र से रुपये निकाले गए थे। रुपये बैंक में जमा कराकर पात्र में ताला लगाकर चाबी अपने पास रख ली।
जयवीर ने बताया कि 28 मई की रात 8:15 बजे मंदिर का ताला बंद किया गया था। वीरवार सुबह 4:15 बजे कॉलोनी के श्रद्धालु पूजा करने के लिए मंदिर में आए तो उन्हें ताला टूटा। इसके बाद अंदर पहुंचे तो दान पात्र भी टूटा हुआ था।
यह सूचना उन्होंने प्रधान जयवीर सिंह को दी। बाद में पात्र की जांच की तो इसमें रखे करीब 10 हजार रुपये और मंदिर में रखे चांदी का मुकुट, बिछिया, कड़े व माता का शृंगार संबंधी सामान चोरी मिला।
बाद में जयवीर ने पुलिस को सूचना दी तो टीम ने घटनास्थल की जांच की। मौके से फिंगरप्रिंट आदि लेकर चोरों पर केस दर्ज किया। मौके से टीम को एक नुकीला हथियार मिला, जिससे दानपात्र तोड़कर रुपये चोरी किए गए हैं।
जयवीर सिंह का कहना है कि हर माह मंदिर में 8 से 10 हजार रुपये दानपात्र में एकत्र होते हैं। अब करीब 100 ग्राम चांदी भी दान में मिली हुई थी। चोरों ने इन पर हाथ साफ कर लिया।