चरखी दादरी में हादसे में दो दोस्तों की मौत।
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा के चरखी दादरी में झिंझर-सांवड़ मोड़ पर सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। एक मृतक उमरवास तो दूसरा रावलधी गांव का रहने वाला था। बौंदकलां थाना पुलिस ने दोनों के शव अपने कब्जे में ले लिए हैं। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार उमरवास निवासी प्रदीप (25) और रावलधी निवासी प्रदीप (35) दोनों दोस्त थे। वे झिंझर गांव से बाइक पर दादरी लौट रहे थे। वे झिंझर-सांवड़ पर पहुंचे तो अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में एक युवक बाइक समेत सड़क किनारे बने नाले में गिर गया। वहीं, दूसरा भी बाइक गिरने के कारण करीब 30 गज तक घसीटता चला गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह दौड़ की तैयारी कर रहे युवकों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक देखी तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव कब्जे में ले लिए।
जानकारी के अनुसार, उमरवास निवासी प्रदीप की शहर के चंपापुरी क्षेत्र में आरओ ठीक करने की दुकान की थी जबकि रावलधी निवासी प्रदीप खेती करता था। रावलधी निवासी प्रदीप विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। वहीं, उमरवास निवासी प्रदीप अविवाहित था। दोनों मृतक दो भाइयों में बड़े थे। बौंदकलां थाना प्रभारी का कहना है कि मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल भेज दिए गए हैं।