चरखी दादरी के कासनी गांव में सोमवार को बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कासनी निवासी मोहित (30) के रूप में हुई है। हत्याकांड के बाद एसपी दीपक गहलावत घटनास्थल पर पहुंचे और हत्यारों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में सर्च अभियान चलाने का आदेश दिया। इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। हत्याकांड का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार मोहित गुजरात में अवैध शराब का कारोबार करता था और करीब दो माह पहले वो जेल से बाहर आया था। सोमवार को वह गांव में मौजूद था और उसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां आए और उन्होंने मोहित पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दस राउंड फायर किए। मोहित को छह गोलियां लगी। गोली सिर, मुंह और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में लगने से मोहित की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही एसपी दीपक गहलावत घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने बाढड़ा डीएसपी देशराज को तुरंत प्रभाव से मामले में कार्रवाई करने का आदेश दे दिया। एसपी का कहना है कि जल्द ही हत्यारों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्याकांड के पटाक्षेप की जिम्मेदारी एसपी ने बौंदकलां थाना पुलि समेत सीआईए व स्पेशल स्टाफ टीम को दी है।
मृतक पर दर्ज हैं पांच केस
पुलिस सूत्रों के अनुसा मृतक मोहित पर भी पांच अपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट व डकैती के मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने इस एंगल से भी मामले की जांच शुरू कर दी है।